मुरादगंज के रामजानकी मंदिर में चोरों ने फिर डाला डांका
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_525.html
जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मुरादगंज गांव में स्थित श्रीरामजानकी मंदिर में एक बार फिर हौंसलाबुलंद चोरों ने हाथ साफ करते हुये अन्नपूर्णा देवी की अष्टधातु की मूर्ति पार कर दिया जिसकी जानकारी होने पर गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गयी। हालांकि जानकारी होने पर तमाम पुलिस अधिकारी सहित डाग स्क्वायड टीम पहुंचकर मौका-मुआयना की लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार हौंसलाबुलंद चोरों ने बीती रात ताला तोड़कर मंदिर में रखी अन्नपूर्णा देवी की अष्टधातु की मूर्ति पार कर दिया जिसकी जानकारी मंदिर के पुजारी जितेन्द्र चौहान व प्रबंधक नरसिंह बहादुर सिंह को गुरूवार को सुबह हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दिया। पुजारी के अनुसार यह मंदिर वर्ष 1909 में स्थापित हुई है जिसमें विराजमान सभी मूर्तियां अष्टधातु की हैं। वर्ष 1972 में हनुमान जी की मूर्ति चोरी हुई थी जो इलाहाबाद में बरामद हुई थी। इसके बाद पुनः मूर्ति चोरी हुई जो अभी तक बरामद नहीं हो सकी। बीते 1/2 जनवरी 2016 की रात रामजी की मूर्ति चोरी हुई जो मुंगराबादशाहपुर से बरामद हुई लेकिन वह अभी भी पुलिस अभिरक्षा में है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के अंदर जूता व सैंडिल के निशान हैं जो चोरों के हैं। जानकारी होने पर अपर आरक्षी अधीक्षक नगर रामजी सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी नगर आरपी सिंह यादव सहित लाइन बाजार, सरायख्वाजा, शहर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। डाग स्क्वायड टीम भी पहुंची जो जांच-पड़ताल शुरू कर दी लेकिन थाना पुलिस कोई खास सफलता नहीं मिली।

