प्रतिशोध में की गयी थी किसान की हत्या: एएसपी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_549.html
अज़मी रिज़वी
बाराबंकी।
बीते पांच दिन पूर्व कोतवाली देवा क्षेत्र में हुई किसान की हत्या का
राजफाश करते हुये पुलिस ने इसे प्रतिशोध में की गयी हत्या बताया। पुलिस
लाइन्स स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक
(उत्तरी) कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने घटना का अनावरण किया। श्री सिंह ने बताया
कि कोतवाली देवा के ग्राम माती निवासी मृतक इश्तियाक को माती चौकी क्षेत्र
के ही ग्राम जमुवासी निवासी सतेन्दर कुमार रावत पुत्र रामशंकर रावत ने मार
डाला। अभियुक्त सतेन्दर को पुलिस ने रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे
कस्बा माती स्थित शारदा नहर पुल से गिरफ्तार किया। बताते चलें कि सतेन्दर
रामस्वरूप विश्वविद्यालय में सीएस डिप्लोमा का छात्र है। अपर पुलिस अधीक्षक
के कथनानुसार, अभियुक्त सतेन्दर ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी।
अभियुक्त सतेन्दर ने बताया कि उसकी प्रेमिका के माता-पिता मृतक इश्तियाक के
खेतों को पिछले लगभग 20 वर्षों से बटाई पर बोते-जोतते थे। पिछली धान की
फसल के दौरान सतेन्दर की प्रेमिका खेत पर थी। वह उससे मिलने गया। दौरान
प्रेम मिलाप, इश्तियाक मौके पर आ पहुंचा। पहले तो इश्तियाक ने सतेन्दर को
गालियां देकर खेत से भगा दिया। फिर उसकी प्रेमिका के साथ दुराचार भी किया।
सतेन्दर की प्रेमिका ने उसे सारी बात बताई। लेकिन लोकलाज के भय से अपने
परिजनों से कुछ भी न कह सकी। सतेन्दर ने कई बार इश्तियाक से विनयपूर्वक कहा
कि जो हो गया सो हो गया। लेकिन इश्तियाक नहीं माना। कभी-कभार इश्तियाक
उसकी प्रेमिका के साथ छेड़खानी कर देता था। इस पर सतेन्दर ने ठान लिया कि अब
इश्तियाक को मौत के घाट उतार देगा। बीती 15 मार्च को एक लोहे की राड को
खेतों के पास तालाब में छिपा दिया। 16 मार्च को रात में जब इश्तियाक सरसों
लेकर घर जा रहा था, तभी सतेन्दर ने पीछे से राड से हमला कर उसे मार डाला।
राड को जमुआसी पुलिया के किनारे छिपा दिया। पुलिस ने खून लगी लोहे की राड
और अभियुक्त की शर्ट भी बरामद की। घटना का अनावरण करने में प्रभारी
निरीक्षक कोतवाली देवा जावेद खां, माती चौकी इंचार्ज सतीश यादव, आरक्षी
सूबेदार यादव और रामकुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के
उत्साहवर्धन हेतु 5000 रूपया नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत
किया।

