शिक्षा के मंदिर में मासूम छात्र की दर्दनाक मौत
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_627.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। भ्रष्टाचार के दीमक ने एक मासूम छात्र की जिंदगी चट कर डाली। विद्यालय में मानक विहीन जर्जर गेट के नीचे आये मासूम को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। यह दर्दनाक घटना कोतवाली फतेहपुर के प्राथमिक विद्यालय दिकोलिया मजरे देवखरिया में हुई। इसी गांव के निवासी धीरज कुमार कनौजिया का 6 वर्षीय पुत्र रचित शिक्षा के मंदिर में नर्सरी का छात्र था। बुधवार की सुबह स्कूल के गेट पर खड़े रचित पर विद्यालय का भारीभकम गेट गिर गया। विद्यालय के छात्रों के शोरगुल सुनकर शिक्षक व अन्य लोगों ने उसे गेट के नीचे से निकाला परिजनों को सूचित कर सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया। गंभीर हालत के कारण उसे जिला अस्पताल रिफर किया गया। परन्तु रचित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृत मासूम के पिता व परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है। धीरज ने बताया कि कुछ दिन पहले ही रचिव एक सड़क हादसे में चोटिल हुआ था। इसीलिए उसे फतेहपुर की जगह गांव में ही दाखिला दिलवाया गया था। परन्तु घटिया निमार्ण के कारण उसके बेटे की मौत हुई है। धीरज ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।


