सांसद प्रियंका ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_737.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। सांसद प्रियंका सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके कार्यालय पर मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री को जिले की समस्याओं से अवगत कराया। सांसद प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रभारी राजेश वर्मा ने मीडिया को बताया कि सांसद ने जनपद की मुख्य दो गम्भीर समस्याओं की तरफ ध्यान आकर्षित कराते हुए प्रधानमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र में घाघरा नदी पर निर्माणाधीन बांध में होे रही घोर अनियमितताओं के बारे में अवगत कराते हुए जांच की मांग की तथा इस विषय में क्षेत्रवासियों से प्राप्त शिकायतो के द्वारा अधिकारियों द्वारा की जा रही मनमानी से अवगत कराया। कार्यदायी संस्था बाढ़ निर्माण कार्यखण्ड द्वारा बाढ़ निर्माण में आवश्यक मशीनरी का भी प्रयोग न किये जाने की शिकायत की, बाढ़ निर्माण जैसे संवेदनशील कार्यो में इस प्रकार की अनियमिताओं से काफी बड़ी संख्या में जान-माल की हानि होने की सम्भावना से इंकार नही किया जा सकता। द्वितीय समस्या से अवगत कराते हुए सांसद ने केन्द्रीय रेलमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौपते हुए संसदीय क्षेत्र के सैकड़ो परिवारो व लाखो लोगो के सुगम आवागमन की पीड़ा से अवगत कराया। सांसद ने बाराबंकी-देवां मार्ग पर नवनिर्मित उपरिगामी पुल के नीचे रेलवे क्रांसिग पर अण्डर पास बनाये जाने को लेकर क्षेत्रवासियों की मांग का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री जी से जनहित में अण्डर पास बनाये जाने का अनुरोध करते हुए ज्ञापन सौंपा। मीडिया प्रभारी राजेश वर्मा द्वारा दूरभाष पर प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ने सांसद की दोनो मांगो को यथाशीघ्र जनहित में कराये जाने का आश्वासन दिया।

