जनपद में धूमधाम से मनायी गयी हनुमान जयंती
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_275.html
जौनपुर। भारतीय संस्कृति के बल, पराक्रम, बुद्धि के पर्याय पवनपुत्र और हिन्दू धर्म के आराध्य देव महावीर हनुमान जी की जयंती शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में धूमधाम से मनायी गयी। इस उपलक्ष्य में जहां संकट मोचन मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं जगह-जगह शोभायात्रा भी निकाली गयी। इसके पहले हनुमान मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था जहां रंग-बिरंगे फूलों से प्रतिमाओं को सुसज्जित किया गया था। सुबह आरती के साथ भक्तों द्वारा दर्शन-पूजन शुरू हो गया जहां भक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने लड्डू, रोरी, फूल, माला, सिन्दूर आदि चढ़ाकर मन्नत मांगा जहां घण्टे-घडि़यालों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। देखा गया कि जौनपुर-सुल्तानपुर सीमा पर स्थित बिजेथुआ महावीरन, अजोसी धाम सिकरारा, शीतला चैकियां धाम व मैहर मंदिर में स्थित हनुमान मंदिर सहित नगर के संकट मोचन मंदिर कोतवाली चैराहा, हनुमान मंदिर बीआरपी इण्टर कालेज, पंचमुखी मंदिर गूलर घाट, पंचमुखी मंदिर बैजबाग, हनुमान मंदिर नखास, नवदुर्गा शिवमन्दिर विसर्जन घाट, बड़े हनुमान मंदिर चक प्यार अली, हनुमान मंदिर लाइन बाजार, चैरा माता मन्दिर ओलन्दगंज के अलावा केराकत, बदलापुर, मछलीशहर, शाहगंज, मडि़याहूं तहसील सहित जनपद के समस्त बाजारों, नगरों, कस्बों, गांवों में स्थित हनुमान मंदिर पर भक्तों ने मत्था टेका। इसी क्रम में श्री संकट मोचन मन्दिर कोतवाली चैराहा परिसर में आयोजित दो दिवसीय हनुमान महोत्सव के क्रम में आज शोभायात्रा निकाली गयी। मंदिर से निकली शोभायात्रा चहारसू चैराहा, सद्भावना पुल, ओलन्दगंज, शाही पुल, चहारसू होते हुये पुनः मंदिर पहुंचकर समाप्त हो गयी। शोभायात्रा में झांकी शामिल थी जहां भक्तों के जयघोष से पूरा नगर हनुमानमय नजर आया। इस अवसर पर सैकड़ों भक्ता केसरिया ध्वज लेकर चल रहे थे जो ध्वनि विस्तारक यंत्र पर नृत्य कर रहे थे। इस बाबत बाबा का भव्य श्रृंगार हुआ था।

