जनपद के 33 केन्द्रों पर सम्पन्न हुई बीएड की प्रवेश परीक्षा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/33.html
जौनपुर। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कालेजों में बनाये गये 33 परीक्षा केन्द्र पर सकुशल सम्पन्न हो गयी। लखनऊ विश्वविद्यालय के बैनर तले आयोजित इस परीक्षा के मद्देनजर जनपद में 17 केन्द्र प्रतिनिधि और 66 पर्यवेक्षक तैनात किये गये थे जबकि स्वयं जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी परीक्षा केन्द्रों का चक्रमण करते नजर आये। पूर्वांचल विश्वविद्यालय व जिला प्रशासन की संयुक्त निगरानी में परीक्षा दो पाली में हुई जिसका प्रथम पाली प्रातः 8 से 1 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 1 से 4 बजे तक रही। प्रशासनिक दृष्टिकोण से पूरी तरह से सुसज्जित परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा के मद्देनजर 1 सब इंसपेक्टर व 2 आरक्षी तैनात किये गये थे। वहीं दूसरी ओर परीक्षार्थियों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिये परिवहन विभाग द्वारा 100 बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गयी थी। परीक्षा के चलते गुरूवार की रात से लेकर शुक्रवार की देर शाम तक जिला मुख्यालय पर काफी चहल-पहल रही।
