देवरिया जेल में संघर्ष, कई बन्दी और पुलिसकर्मी घायल
देवरिया । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला कारागार में आज नशे की गोली के विवाद को लेकर हुए संघर्ष में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक समेत 22 लोग लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सुबह जेल में नशे की गोली को लेकर कैदियों के 2 गुटों में कहासुनी हो गई। उपद्रव बढऩे पर जेल पुलिस ने मामले को शान्त कराने का प्रयास किया तो कैदी और उग्र हो गए। मामले को सम्भालने में नाकाम जेल पुलिस ने घटना की जानकारी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दिया। करीब 2 घंटे चले तांडव के बाद पुलिस ने जेल में प्रवेश कर आंसू गैस के गोले, पानी की बौछार और रबर की गोलियां दागकर मामले को संभाला। इस दौरान करीब 12 बन्दी और पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस संबंध मे जिलाधिकारी अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 7 बजे कैदियों के 2 गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामले को शांत कराने के लिए पुलिस ने जेल में प्रवेश कर बल प्रयोग किया और मामले को शांत करा दिया है।
