भारत सरकार के निर्देश पर मनाया गया सिविल सर्विसेज डे
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_358.html
जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी पीसी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में भारतीय सिविल सेवा दिवस मनाया गया जहां उन्होंने सिविल सर्विसेज डे मनाये जाने के बारे में बताया कि 21 अप्रैल को सिविल सर्विसेज डे जिला से लेकर ब्लाक स्तर तक मनाया गया। इसी प्रकार सभी खण्ड विकास अधिकारी भी सिविल सर्विसेज डे मनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि 14 से 24 अप्रैल तक ग्राम उदय से भारत उदय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में बैठक करके ग्रामों में प्रभातफेरी निकालना, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्रामवासियों को बताया जायेगा। जिस विभाग से सम्बन्धित योजना होगी, उसके प्रतिनिधि एवं उच्चाधिकारी अपनी योजना के बारे में विस्तृत जानकारी ग्रामवासियों को देंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 23 अप्रैल को विकास खण्ड जलालपुर में ग्राम उदय से भारत उदय के सम्बन्ध में बैठक है जिसमें भारत सरकार के प्रतिनिधि काशीनाथ गृह मंत्रालय प्रतिभाग करेंगे। उक्त बैठक की अध्यक्षता आयुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी करेंगे जिसके लिये सभी सम्बन्धित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की सूचनाओं के साथ ससमय प्रतिभाग करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया वित्तीय वर्ष 2016-17 में चयनित डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम की कार्ययोजना अभी अप्राप्त है। ऐसे में सबको निर्देश है कि अपने विभाग से सम्बन्धित कार्ययोजना तैयार कर 2 दिन के भीतर जिला विकास अधिकारी के कार्यालय में जमा करायें। बैठक में जिला विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, उपायुक्त मनरेगा रामबाबू त्रिपाठी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, सेवायोजना अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला कृषि अधिकारी के अलावा तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।

