aajtaktimes

मूर्ख दिवस पर नई संसद का जोरदार एलान


अजमी रिज़वी
बाराबंकी। जिले में मूर्ख दिवस जोर शोर से मनाया गया। जनपद के सभ्रांत
नागरिकों ने भले ही मूर्खता को शिरोधार्य किया हो, लेकिन बातों-बातों में
सच्चाई को उजागर कर दिया। अब संविदा पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षकों
की नियुक्ति होगी और इनका कार्यकाल 11 माह का होगा। कार्य की संतुष्टि पर
अगले 11 माह तक के लिए कार्यकाल बढ़ाया जायेगा। सरकार ने जिलाधिकारी पद की
योग्यता पर अपना रूख स्पष्ट किया है जिलाधिकारियों को अब राजनीतिक पार्टी
की परीक्षा पास करना होगा। वहीं सरकार गठन के बाद हुए पहली बैठक में कई
महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं जिनमें प्रमुख रूप से विदेशों में काला धन जमा
करने वाले लोगों को पुरस्कृत करने और अक्लमंदों की जनगणना कराकर उन्हें
दंडित करने, व नदियों में डामर डलवाकर सड़क बनाने तालाबों में उच्च कोटि
के भवन निर्माण कराने की घोषणाएं शामिल है। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक
वर्ष की भांति एक अपैल को मूर्खिस्तान की सरकार का गठन हुआ। गठन से पूर्व
महामूर्ख प्रत्याशियों ने जलूस की शक्ल में गधों पर सवार होकर नगर के
लइयामंण्डी, धनोखर चौराहा, लखपेड़ाबाग, ओबरी रेलवे स्टेशन होते हुए नाका
पैसार के रास्ते शमशान घाट कमरियाबाग पहुंचे जहां सरकार गठन की कार्यवाही
हुई। गिरजाशंकर शुक्ला ने सभी प्रत्याशियों को सभा में बैठाते हुए गठन
कार्यवाही की अध्यक्षता की वहीं सरदार बेन्त सिंह ने सभा का संचालन किया।
मूर्खिस्तान आवाम पार्टी के मुखिया शिवकरन सिंह को सदन का नेता चुनते हुए
राष्ट्रपति अशोक सैनी के समक्ष पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद पर
शिवकरन सिंह, आंतकवाद विकास मंत्री धीरज गुलसिया, देश द्रोही विकास
मंत्री अजय सिंह गुरू, अपराधी विकास व संरक्षण मंत्री रणधीर सिंह सुमन,
जनविरोधी कार्य मंत्री केके द्विवेदी राजू भइया, सामन्तवादी विकास मंत्री
रामनरेश रावत, शिक्षा विनाश मंत्री धीरेन्द्र वर्मा, आरक्षण मिटाओ विभाग
रत्नेश कुमार, ग्रामीण विनाश कपिल सिंह यादव, इरेज इण्डिया मंत्री फिदा
हसैन, लफ्फाज मंत्री हुमायू नईम खान, आसिफ हुसैन बाल व्यापार मंत्री,
मूर्ख एकीकरण मंत्री अखिलेश ठाकुर, कानून विनाश मंत्री अखिलेश एडवोकेट,
पर्यावरण उजाड़ दीनानाथ शर्मा, मनीष ठाकुर बेरोजगारी बढ़ाओ मंत्री, नगर
विनाश मंत्री सुरेन्द्र सिंह निक्के, वृद्धजन शोषण मंत्री बाबूलाल वर्मा,
युवा भड़काओ मंत्री राजेश मल्ल, अधर्म बढ़ाओं मंत्री रमेश भण्डारी,
राजेन्द्र शर्मा को महिला उत्पीड़न मंत्री, हेमराज को फक्कड़ सम्मेलन विभाग
और प्रदीप सारंग को जाति सेवा आयोग का अध्यक्ष बनाकर कालीबत्ती और
हेलीकाप्टर से नवाजा गया जिस पर राष्ट्रपति ने मुहर लगा दी। सरकार गठन
होते हुए मंत्रिमण्डल की पहली बैठक नगर पालिका हाल में सम्पन्न हुई सदन
के स्पीकर डाक्टर भगवान वत्स ने सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए सभी
मंत्रियों को अपनी प्राथमिकताएं रखने को कहा। अपनी-अपनी योजनाओं को बताने
में लगी होड़ के बीच मंत्रियों में जमकर जूता लात चले किन्तु स्पीकर ने
शान्त करा दिया। प्रधानमंत्री शिवकरन सिंह ने कहा कि अब देश में तीसरी
सरकार व अपनी सरकार बनी है मूर्खिस्तान के अच्छे दिन आयें हैं निश्चित ही
आप सबके सहयोग से देश का बंटाधार होगा। इसी बीच सामन्तवादी विकास मंत्री
रामनरेश रावत अपनी बात रखने जा ही रहे थे कि विपक्ष के नेताओं ने बीच सदन
में ही धक्कामुक्की व विरोधी नारेबाजी करने लगे। हताश होकर रामनरेश रावत
ने जहां क्षेत्र छोड़ने का तैयार हो गये वहीं समर्थकों की राय पर उन्हें
बाराबंकी छोड़कर रायबरेली की राह पकड़नी पड़ी। जनविरोधी कार्य मंत्री राजू
भइया ने अपनी योजना बताते हुए कहा कि प्रत्येक घरों में मदिरालय खोला
जायेगा, मंदिर हो या स्कूल सभी जगह बार की स्थापना होगी, देश बालिका
मुक्त बनाया जायेगा। मूर्ख एकीकरण मंत्री अखिलेश ठाकुर ने योजना रखी कि
देश में जितने लेखक, पत्रकार, साहित्यकार हैं उन्हें शहर की नालियों की
सफाई में लगाया जायेगा, दलाल और अनपढ़ लोगों को कलम का सिपाही बनाकर सबको
एक किया जायेगा। इसी प्रकार सभी मंत्रियों ने अपनी योजना प्रस्तुत की।
अन्त में प्रधानमंत्री शिवकरन सिंह कहा कि देश में अमन चैन को मिटाने के
लिए हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे। मूर्खिस्तान में विनाशकारी और
घोटालेबाज विभागों का दायरा बढ़ाया जायेगा। जितने लोग पढ़े-लिखे व रोजगार
से लगे हैं उन्हें बेरोजगार घोषित उन्हें मुफ्त में रोटी बांटी जायेगी।
वहीं न्याय विभाग को और अधिक जटिल बनाते देर से न्याय मिलने के लिए
बाहुबली व रिश्वतखोर न्यायधीश रखे जायेंगे।

Related

UP 7669935299066811126

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item