aajtaktimes

श्रम विभाग में जरुर करायें पंजीकरण: गोप

अजमी रिज़वी 
बाराबंकी। ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द कुमार सिंह ‘गोप’ ने जनपद में
407 श्रमिकों को निःशुल्क साइकिल वितरित किया। उन्होने कहा कि सभी
पंजीकृत श्रमिकों को साइकिल दी जायेगी। इसके लिए श्रम विभाग में पर्याप्त
धनराशि उपलब्ध है। उन्होने जिले के अधिकारियों से अपेक्षा की कि निर्माण
कार्य में लगे सभी मजदूरों का पंजीकरण कराये। श्री गोप ने सभी श्रमिकों
से अपील की कि अपना पंजीकरण श्रम विभाग में जरूर कराये, जिससे उन्हें
शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ मिल सके। ग्राम
विकास मंत्री जीआईसी मैदान स्थित आडिटोरियम में श्रमिकों को साइकिल दिये
जाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिकों,
अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों को सम्बोधित कर रहे
थे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार
की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि गरीब, किसान, नवजवान, बेरोजगार एवं समाज के
कमजोर तबके का उत्थान किया जा सके। उ.प्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण,
कर्मकार, कल्याण, बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों के कल्याण एवं हित में
संचालित तमाम योजनाओं की चर्चा के दौरान ग्राम विकास मंत्री ने कहा कि
शासन द्वारा पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवार के उन्नयन के लिए 15
महत्वाकंाक्षी योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के तहत शिशु हित
लाभ, मातृत्व हित लाभ, बालिका मदद, अक्षमता पेंशन, दुर्घटना सहायता,
पुत्री विवाह, मृत्यु एवं अन्येष्टि सहायता, कौशल विकास, आवास सहायता,
पेंशन योजना, मेधावी छात्र योजना, सौर ऊर्जा सहायता, गम्भीर बीमारी
सहायता, मध्यान भोजन सहायता सहित श्रमिकों के लिए साइकिल सहायता योजना
चलाई जा रही है। श्री गोप ने साइकिल वितरण योजना के बारे में कहा कि
निर्माण श्रमिकों को काम हेतु अपने घर से काफी दूरी तय करना पड़ता है,
जिसमें उन्हें काफी समय लगता है और सीमित आमदनी में उन्हें आने जाने मंे
धनराशि खर्च करनी पड़ती है। पंजीकृत श्रमिकों को साइकिल मिल जाने से
उन्हंे घर से कार्य स्थल तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। ग्राम्य विकास
मंत्री ने गरीब, मजदूर को आत्मनिर्भर बनाने और उनके चेहरे पर मुस्कान
लाने के लिए नेता मुलायम सिंह यादव की दूरगामी सोच की दिशा में उ.प्र.
सरकार काम कर रही है। नेता जी ने पूरे देश में साइकिल चलाकर दूर दराज के
ग्रामीण अंचलों में रहने वाले गरीब, कमजोर, मजदूर के दुख-दर्द को नजदीक
से महसूस किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी उ.प्र. के गरीबों की दशा
जानने के लिए पूरे प्रदेश में साइकिल चलायी। सरकार की पूरी मंशा है कि
गरीब, कमजोर वर्ग किसान, मजदूर, आत्मनिर्भर हो सके। सरकार की योजनाएं
उन्हीं के लिए समर्पित है। ग्राम विकास मंत्री ने कहा कि साइकिल सहायता
योजना के तहत श्रमिकों का दायरा काफी व्यापक है, इसमें 40 तरह के निर्माण
कार्यो से जुड़े श्रमिकों को आच्छादित किया गया है। डीएम अजय यादव ने
श्रमिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि श्रम विभाग का सरोकार मजदूरों से
है। योजनाओं के निर्माण में सरकार का पूरा फोकस मजदूरो के पूरे परिवार के
उत्थान पर है। उन्होेने कहा कि श्रमिकों के कल्याण हेतु शासन द्वारा
चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठाने के लिए श्रमिक आगे आये। उन्होने कहा
कि श्रमिक जागरूक और आत्म निर्भर होंगे, तभी जिले के विकास में बेहतर
योगदान कर सकेंगे। उन्होने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देश दिया कि
मजदूरांे द्वारा साइकिल का बेहतर उपयोग किये जाने के मद्देनजर आगे से
साइकिल में कैरियर की व्यवस्था भी सुनिश्चित करायी जाये। विधायक रामगोपाल
रावत, विधायक सुरेश यादव, विधायक राममगन रावत और एमएलसी राजेश यादव ने
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं में श्रमिकों
से सम्बन्धित योजनाए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। शासन की इन योजनाओं का
व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार बहुत जरूरी है, तभी सही लाभार्थी को सही
समय पर लाभ मिल सकेगा और शासन की इन योजनाओं की उपयोगिता बढ़ सकेगी।
रामगोपाल रावत ने साइकिल में पीछे कैरियर लगवाने का सुझाव दिया। जिला
सहकारी बैंक के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने यहां कहा कि शासन की
साइकिल सहायता योजना श्रमिकों के कल्याण की दिशा में उठाया गया सरकार का
बहुत महत्वपूर्ण एवं पुनीत कार्य है। श्रमिकों के लिए संचालित शासन की
योजनाओं से श्रमिक निश्चित रूप से आत्मनिर्भर हो सकेंगे। मुख्य विकास
अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रम विभाग की योजनाओं का व्यापक
स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जायेगा। उन्होने बताया कि सरकारी और
गैरसरकारी संस्थानों में कार्यरत सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिक साइकिल
सहायता योजना के लिए पात्र है। इस योजना में काफी धनराशि है। श्रम
प्रवर्तन अधिकारी शत-प्रतिशत श्रमिकों का पंजीयन कराये। उन सभी श्रमिकों
को साइकिल उपलब्ध करायी जायेगी। सहायक श्रमायुक्त फैजाबाद ने भी श्रमिकों
को सम्बोधित किया।  इस अवसर पर पूर्व विधायक राजरानी रावत, एडीएम हरिकेश
चौरसिया, जिला विकास अधिकारी एके सिंह, जिला अर्थ संख्या अधिकारी डॉ.
विनोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशनर अधिकारी, विकलांग
कल्याण अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि,
पत्रकार एवं कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिक मौजूद थे।

Related

UP 1932395382133022493

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item