मण्डलायुक्त ने किया राजस्व, विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/blog-post_904.html
बाराबंकी। फैजाबाद मण्डल के आयुक्त सूर्य प्रकाश मिश्र ने विकास खण्ड बनीकोडर अन्तर्गत ग्राम डिगसरी का निरीक्षण किया और वहॉ पर कराये गये राजस्व एवं विकास कार्याे का स्थलीय सत्यापन करने के साथ ही गांव वासियों के साथ आयोजित चौपाल में योजनाओं के क्रियान्वयन का सत्यापन किया। उन्होने योजनाओं के बेहतर ढंग से क्रियान्वयन हेतु जन सामान्य की जागरूकता पर विशेष जोर दिया। चौपाल के दौरान गांव के लोगों ने बताया कि ग्राम डिगसरी के एक मजरा गिरदहा में विद्युतीकरण न होने से उस मजरे के लोगों को कठिनाई हो रही है। अधिशासी अभियन्ता विद्युत ने यहॉ पर विद्युतीकरण न हो पाने की वजह यह बताया कि लोग विद्युत कनेक्शन नहीं ले रहे है। आयुक्त ने उन्हें निर्देश दिया कि यहॉ पर विद्युतीकरण कराये और बीपीएल को निःशुल्क कनेक्शन प्रदान कर दिया जाये। इसके अलावा अन्य लोगों को कनेक्शन दिये जाने हेतु शिविर आयोजित करें। आयुक्त ने गांव में पेयजल की समस्या की जानकारी ली। कुल 08 हैण्डपम्प रिबोर योग्य बताये गये। आयुक्त ने कहा कि गर्मी का मौसम है सभी हैण्डपम्प का सर्वे करा लिया जाये, जितने हैण्डपम्प रिबोर किये जाने है, उन्हें जल निगम के अधिशासी अभियन्ता रिबोर किये जाने हेतु जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित करें। शासन की विभिन्न पेंशन वितरण योजनाओं का लाभार्थीपरक सत्यापन किये जाने के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिया कि गांव के ऐसे सभी व्यक्तियों का सर्वे करा लिया जाये, जो किसी न किसी पेंशन योजनाओं के तहत पात्र है। ग्राम विकास अधिकारी उन्हें चिन्हित करते हुए उनके आवेदन पत्र को स्वीकृत करने की कार्यवाही करें। चौपाल के दौरान गांव के कुछ पट्टाधारकों ने शिकायत की कि उन्हें दिये गये पट्टे पर कब्जा नहीं मिल सका है। तहसीलदार को निर्देश दिया गया कि गांव में पुलिस बल के साथ जाकर ऐसे सभी पट्टाधारकों को कब्जा दिलाये। गांव के लोगों ने आयुक्त के सामने यह मांग रखी कि गांव के चारों मजरों को आपस में सम्पर्क मार्ग से जोड़ दिया जाये। उन लोगों ने बताया कि गांव में यूनानी चिकित्सालय के लिए भूमि चिन्हित है परन्तु चिकित्सालय की स्थापना नहीं हो सकी है। आयुक्त ने गांव के चारों मजरों को सम्पर्क मार्ग से जोड़ने और यूनानी चिकित्सालय की स्थापना के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। आयुक्त ने चौपाल में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि योजनाएं तभी सही ढंग से लागू होंगी, जब लोग पूरी तरह जागरूक हो। इसलिए उन्होेने सभी के जागरूक और सजग होने पर जोर दिया। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव का सर्वांगीण विकास हो और लोगों में खुशहाली आये, इसके लिए सरकार अवस्थापनापरक एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के द्वारा विकास और कमजोर, गरीब लोगों के उत्थान की दिशा में कार्य कर रहे है। चौपाल से पहले आयुक्त ने गांव का भ्रमण कर कराये गये कार्यो का स्थलीय सत्यापन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी हरिकेश चौरसिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अर्चना वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी बनीकोडर सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
