केजरीवाल भड़के, 'ISI को बुलाकर मोदी ने भारत माता के साथ धोखा किया'
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/isi.html
नई दिल्ली। पठानकोट हमले की जांच के लिए भारत आई पाकिस्तान की संयुक्त जांच टीम ने अपने देश लौटते ही सुर बदल लिया है। पाकिस्तान जेआईटी की रिपोर्ट कथित तौर पर लीक हो गई है और पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार उसमें पठानकोट हमले को ‘भारत का ड्रामा’ कहा गया है। इसके बाद भारत में राजनीतिक दलों ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है उन्होंने कहा कि मोदी जी ने आईएसआई को यहां बुलाकर भारत माता के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है।
केजरीवाल ने आज सुबह एक के बाद एक कई ट्वीट कर मोदी पर हमला बोलते हुए लिखा है कि मुंह में राम बगल में छुरी। बीजेपी-आरएसएस वाले मुंह से “भारत माता की जय” बोलते है और आईएसआई को बुलाकर भारत माता की पीठ में छुरा भोंक देते हैं। अपने अगले ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा कि मोदी जी ने आईएसआई को बुलाकर भारत माता के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। पता नहीं मोदी जी और नवाज में क्या डील हुई है। वहीं बीजेपी का कहना है कि अभी इस मामले में पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक बयान का इंतजार करना चाहिए। इस पर दोपहर एक बजे अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जिसमें उन्होंने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला उन्होंने कहा कि आज तक 65 साल के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री ने ऐसे घुटने नहीं टेके जैसे नरेंद्र मोदी ने टेके हैं। आज हमने आईएसआई को इमानदारी का सर्टिफिकेट दे दिया है, अब कैसे पूरी दुनिया में कहेंगे कि आईएसआई आतंकवाद फैला रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि हमारी विदेश नीति पूरी तरह बदल गई है। अजीत डोभाल ने दिसम्बर में सबूत दिए थे की कैसे आईएसआई ने मुंबई हमलों और बाकी हमलों में शामिल था और उन्हें बुलाकर जांच करवा रहे हैं। हमने पहले ही विरोध किया था कि आईएसआई वहां जाकर बदल जाएगा उन्होंने तो और बड़ी बात कर दी वहां जाकर कहा कि भारत ने खुद अपने ऊपर हमला करवाया है।
बता दें कि भारत दौरे पर आए जेआईटी के पांच सदस्यों ने 29 मार्च को पठानकोट वायुसेना बेस का दौरा किया था। यहां उनके साथ मौजूद राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए के अधिकारियों ने उन्हें पूरी सूचनाएं दीं। साथ ही जांच टीम को ये भी दिखाया था कि हमलावर किस रास्ते से एयरबेस में अंदर आए थे।

