aajtaktimes

बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रदान करने में शिथिलता बरतने वाले अधिकारी नपेंगे: डीएम

अजमी रिज़वी
बाराबंकी। सम्भावित बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यो के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में डीआरडीए सभागार में अधिकारियों के साथ हुई। बैठक में जिलाधिकारी अजय यादव ने निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान सम्बन्धित विभागों के अधिकारी तत्परता से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों के लिए जरूरी सहायता किये जाने हेतु पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रदान करने में यदि कोई विभाग शिथिलता बरतता है तो अधिकारी बख्शे नहीं जायेगे। उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। नहरों के अभी हाल मंे हुये कटान के मामलों में सिंचाई विभाग के अभियन्ताओं की साफ लापरवाही पाये जाने पर बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के उत्तरदायी सभी अभियन्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे लापरवाह अधिकारी निलम्बित होंगे और उनके विरुद्ध दण्डात्मक विभागीय कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने नहरों का कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग के अभियन्ताओं को निर्देश दिया है कि प्रभावी ढंग से पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराये। जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ के दौरान बाढ़ पीड़ितों को समुचित राहत समय से प्रदान करने और राहत एवं बचाव कार्य ठोस ढंग से किये जाने के मद्देनजर उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के समय सामान्य रूप से प्रभावित गांव और अत्यधिक प्रभावित गांव की तहसीलवार एवं ब्लाकवार सूची बनायी जाये। इन गांवो का पूरा डाटा तैयार किया जाये, जिसमें स्थानीय कर्मचारियों के नाम व दूरभाष नम्बर और वहां उपलब्ध संसाधन अंकित होगा। उपजिलाधिकारी एक सप्ताह में पूरे विवरण सहित गांववार सूची जिलाधिकारी को उपलब्ध करायेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार, एडीएम हरिकेश चौरसिया, जिला विकास अधिकारी ए.के सिंह, उपजिलाधिकारीगण, विद्युत, जल निगम, बाढ़, सिंचाई, नलकूप, के अधिशासी अभियन्ता सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
 खराब नावों की कराई जाए मरम्मत
जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध नावों का सर्वेक्षण कराते खराब नावों की मरम्मत कराये। उन्होने राजस्व अधिकारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। और बाढ़ से निपटने के लिए पीएसी फोर्स की व्यवस्था की जाये। तहसील स्तर पर गोताखोरों की सूची अपडेट करा ली जाये।
चरसरी तटबन्ध का कार्य तत्काल पूर्ण करें
जिलाधिकारी ने घाघरा नदी के दोनों ओर बने सभी तटबन्धों की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि तटबन्धों के सम्भावित कटान को रोकने के लिए मुकम्मल व्यवस्था समय से की जाये। घाघरा पुल से चहलारी की ओर बनाये जा रहे तटबन्ध में जो भी काम अधूरा है उसे हर हालत में समय से पूरा कर लिया जाये। जिलाधिकारी ने चरसरी तटबन्ध की स्थिति की समीक्षा की एवं परसावल, माझांरायपुर के पास तटबन्ध के कटान को रोकने के लिए किये जा रहे उपायों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि तटबन्ध के कटान को रोकने का कार्य तेजी से पूरा किया जाये।
अस्थायी शौचालयों का कराएं निर्माण
जिलाधिकारी ने पीडब्लूडी और जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मार्गो/सड़कों की मरम्मत समय से करा ले। जल निगम को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समुचित ढंग से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु हैण्डपम्पों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिये गये। जल निगम द्वारा बताया गया कि बाढ़ क्षेत्र के रिबोर होने लायक हैण्डपम्प रिबोर करा दिये गये है। पंचायतराज विभाग को निर्देश दिया गया कि जिन हैण्डपम्पों का मरम्मत कार्य होना है, उसे शीघ्र करा लिया जाये। बाढ़ के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवार जहां विस्थापित होते है वहां बने शौचालयों का सर्वे कराकर उन्हें ठीक हालत में रखे और जरूरत अनुसार अस्थायी शौचालय का निर्माण कराये।
टीकाकरण का चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगाये जाने वाले हैण्डपम्प के प्लेटफार्म ऊंचे होंगे। उन्होने नलकूपों को भी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। बाढ़ क्षेत्र के लिए सबसे अहम स्वास्थ्य विभाग है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ क्षेत्र में इन्फ्रास्टक्चर के साथ ही दवाओं, वैक्सीन और स्टाफ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिये गये। उन्होने कहा कि बाढ़ से पूर्व ही अभियान चलाकर नियमित टीकाकरण करा दिया जाये। शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं के लिए बाढ़ के दौरान की जाने वाली टीकाकरण/स्वास्थ्य सेवा सम्बन्धी बिन्दुओं पर अभी से तैयारी सुनिश्चित कर ली जाये। बाढ़ क्षेत्र में पशुओं के टीकाकरण हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिये गये। इसके लिए बाढ़ क्षेत्र में कैम्प लगाने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बाढ़ क्षेत्र में किये जाने के सम्बन्ध में स्पष्ट कार्य योजना तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
नहीं रूकेगी मिड डे मील
बाढ़ के दौरान बच्चों की शिक्षा और मिड डे मील व्यवस्था के सम्बन्ध में बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि विद्यालय संचालन हेतु वैकल्पिक स्थानों को चिन्हित कर ले और प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करें। बाढ़ के दौरान बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री, खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्थान चिन्हित करने एवं बाढ़ क्षेत्र के सरकारी भवनों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गये। बैठक में बाढ़ चौकियों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये। जल मग्न क्षेत्रों, वर्षा के पानी को निकालने के लिए पम्पों, विद्युत आपूर्ति, डीजल आदि की समुचित व्यवस्था कराने के सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये। 

Related

UP 1138224662921016276

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item