aajtaktimes

अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय घेरा, किया प्रदर्शन

अजमी रिज़वी
 बाराबंकी। क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ द्वारा अधिवक्ताआंे से की गयी बदसलूकी
भारी पड़ सकती है। आज इसी मामले को लेकर जिला बार एसोसिएशन बाराबंकी
अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों वकीलों ने जुलूस निकाल कर जिला प्रशासन के
खिलाफ नारेबाजी की। बाद में वकीलों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर
प्रदर्शन किया। जिसके कारण पूरे कचेहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना
रहा। जिलाधिकारी से वार्ता विफल होने के बाद जिले भर के अधिवक्ता आर-पार
की लड़ाई लड़ने को तैयार हो गये।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम दांदूपुर निवासी
तेज बहादुर का कई बैंकों में कर्जा बकाया था। जिसको लेकर अमीन सरजू
प्रसाद यादव वसूली के लिए दबाव बना रहे थे। परेशान होकर बीते सोमवार को
तेज बहादुर अपनी जमीन का बैनामा करने के लिए उपनिबंधक कार्यालय हैदरगढ़
आया हुआ था। इसी बीच सरजू प्रसाद व उसके साथी कार्यालय में जा पहुंचे और
तेज बहादुर से हाथापाई करने लगे। इसी बीच बैनामा कराने साथ में गये
अधिवक्ता अरविन्द बाजपेई ने जब इसका विरोध किया तो अमीन मारपीट पर उतारू
हो गये। मामला काफी बढ़ गया। इधर सरजू प्रसाद अमीन की तहरीर पर कोतवाली
हैदरगढ़ में अधिवक्ता अरविन्द बाजपेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया। देर
शाम इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए कोतवाली हैदरगढ़ परिसर में
उपजिलाधिकारी हैदरगढ़, क्षेत्राधिकारी श्रीपाल यादव, तहसील बार एसोसिएशन
अध्यक्ष रामअचल मिश्रा आदि लोगों ने वार्ता आरम्भ की। मामला निपट भी जाता
लेकिन क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ श्रीपाल यादव ने अधिवक्ताओं से यह कहा कि जो
भी कार्रवाई हुई है, सही हुई है। चुपचाप यहां से निकल जाओ, वरना लाठियों
से पीट-पीट कर हवालात में बंद कर दूंगा। इसी बात से नाराज होकर
अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसील दिवस पर हैदरगढ़ एसडीएम को एक ज्ञापन देकर
सीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। लेकिन उस मांगपत्र पर कोई
कार्रवाई नहीं हुई। इसी मुद्दे को लेकर आज करीब 11 बजे जिला बार एसोसिएशन
अध्यक्ष रघुराज प्रताप वर्मा अपने साथ सैकड़ों अधिवक्ताओं को लेकर पहले
कचेहरी परिसर में जमकर नारेबाजी की। उसके बाद सभी लोग जिलाधिकारी
कार्यालय पहुंच गये। वहां पर लोगों ने जिलाधिकारी से सीओ के विरूद्ध
मुकदमा दर्ज करने की मांग की तो डीएम ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया। यह
कहा कि जितनी भी कार्रवाई हुई है, सही हुई है। सीओ के खिलाफ कोई मुकदमा
नहीं दर्ज किया जायेगा। वहां पर बात बिगड़ गई और अधिवक्ताओं ने डीएम
कार्यालय परिसर में ही डीएम मुर्दाबाद के नारे लगाये। करीब एक घंटे तक
अधिवक्ताओं ने कचेहरी परिसर से लेकर आसपास के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन
करते हुए वापस लौट गये। इस बारे में जिलाध्यक्ष रघुराज प्रताप वर्मा ने
बताया कि छः मई से इस लड़ाई को और तेज किया जायेगा। जब तक सीओ के खिलाफ
मुकदमा नहीं दर्ज किया जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होनें यह भी
कहा कि जिले की सभी तहसीलों के अध्यक्षों को यह निर्देश दिया गया है कि
तहसील के अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन करें। धरना प्रदर्शन में
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रघुराज प्रताप वर्मा, के अलावा महामंत्री प्रदीप
सिंह, हैदरगढ़ बार अध्यक्ष राम अचल मिश्रा, जसकरन तिवारी, संजय सिंह, जीत
बहादुर सिंह, संतोष शुक्ला, सुनील त्रिवेदी, रितेश मिश्रा, बब्बन, विनोद
तिवारी, सौरभ वर्मा, अनुपम चौरसिया, दिलकश रिजवी, अनूप कल्याणी सहित
सैकड़ो अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related

UP 8954747648265347496

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item