जंगल में लगी भीषण आग, पुलिस की सक्रियता से बच गया गांव
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_721.html
जौनपुर। सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के इनामीपुर गांव में लगभग 5 एकड़ के क्षेत्रफल में फैले जंगल में शनिवार की सुबह लगभग 8 बजे अज्ञात कारण से आग लग गयी। जंगल में उगे सरपत आदि की कटाई न होने से आग बारूद की तरह थोड़ी देर में पूरे जंगल में फैल गयी। इतना ही नहीं, जंगल से सटे दर्जनों घरों सहित रिहायशी छप्परों पर आग का खतरा मंडराने लगा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना थानाध्यक्ष विजय गुप्ता को दूरभाष से जिस पर उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित करते हुये सिपाही अशोक सिंह व दुर्गविजय सिंह को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंच गये। मौके पर मौजूद लोगों से उन्होंने पम्पिंग सेट से गड्ढे में पानी भरवाया कि फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गयी। ग्रामीणों की मदद से घण्टों के अथक प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग नियंत्रित कर ली गयी, अन्यथा किसी बड़ी अनहोनी की घटना से इनकार भी नहीं किया जा रहा है। आग से 5 एकड़ क्षेत्र में फैले जंगल में छोटे-बड़े हजारों पेड़, सरपत आदि जल गये। साथ ही उसमें रहने वाले लोमड़ी, खरगोस, मोर सहित सैकड़ों पशु पक्षियों में कुछ तो निकलकर भागे लेकिन कुछ उसी में दम तोड़ दिये। आग बुझने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोगों ने थानाध्यक्ष विजय गुप्ता और फायर सर्विस को धन्यवाद दिया।

