बिजली की लो वोल्टेज से जूझ रहे हैं जौनपुर नगरवासी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_763.html
जौनपुर। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीणों इलाकों में गर्मी आते ही लो वोल्टेज का दंश आम नागरिकों को झेलना पड़ रहा है। नगर के जहांगीराबाद, ओलन्दगंज, नखास, दिलाजाक मोहल्ले के लोग पिछले एक सप्ताह से लो वोल्टेज का दंश झेल रहे हैं जिससे वहां इस भीषण गर्मी में आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। इतना ही नहीं, लोगों के सामने पीने के पानी का संकट आ खड़ा हुआ है। जिनके पास पैसा है, वे जनरेटर के माध्यम से पानी की व्यवस्था कर ले रहे हैं परंतु यह सबके वश की बात नहीं है। आमजन पानी के लिये इधर से उधर दौड़ रहा है। वहीं घरों में कैद गृहिणीयों सहित छोटे बच्चों की हालत और भी दुर्लभ है। कई लोग तो रात भर सड़कों पर टहलते है। इस बाबत लोगों का कहना है कि सुन्दरीकरण के चलते हो रहे कार्य से एक तो दिन भर बिजली नहीं रहती है और रात में आती है तो वोल्टेज इतना लो होता है कि बल्ब भी अगरबत्ती की तरह जलता है। वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी द्वारा बनवाये गये कण्ट्रोल रूम पर जब शिकायत की गयी तो सिर्फ आश्वासन ही मिला जबकि समस्या बनी है।

