aajtaktimes

आजमगढ़ बवाल, बलवाइयों ने सीओ सिटी को मारी गोली

आजमगढ़ । होली के बाद से आजमगढ़ के निजामाबाद क्षेत्र में सुलग रही सांप्रदायिक विवाद की चिंगारी ऐसी भड़की कि अब बुझने का नाम नहीं ले रही है। इसका दायरा आज करीब दस किलोमीटर तक फैल गया है। शनिवार रात शुरू बवाल दूसरे दिन आज भी जारी रहा।
घटना की भयावहता का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि इस घटना में अब तक दो अधिकारी घायल हो चुके हैं। एसडीएम निजामाबाद जहां पत्थर लगने से घायल हुए, वहीं देर रात उपद्रवियों की गोली लगने से सीओ सिटी केके सरोज भी जख्मी हो गए। उनकी बांह में गोली लगी है। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रविवार को हुए बवाल, नारेबाजी और गोलीबारी में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिसमें गंभीर रूप से घायल भोला यादव को देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, देर शाम जिलाधिकारी ने बबाल के बढ़ते दायरे के मद्देनजर पूरे जिले में निषेधाज्ञा की घोषणा कर दी है। इलाके में अराजक तत्वों का दुस्साहस रह-रहकर आग में घी डाल रहा है। बवाल का दायरा निरंतर बढ़ते हुए दस किलोमीटर तक पहुंच चुका है। मौके पर आइजी जोन एसके भगत, डीआइजी उमेश श्रीवास्तव, डीएम सुहास एलवाई, एसपी दयानंद मिश्र सहित बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी मोर्चा संभाले हुए हैं।

आज रात बलवाइयों ने जगह-जगह सड़क पर उतर कर अराजकता का नंगा नाच किया। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील है, लेकिन देर शाम फैले बवाल को देख यह लगता है कि बलवाइयों को अंधेरा होने का ही इंतजार था। शाम ढलते ही निजामाबाद व सरायमीर थाना क्षेत्र में जगह-जगह लोग सड़क पर उतर आए। दोनों पक्षों के लोगों में आक्रोश की ज्वाला भड़क उठी थी।
कई जगहों पर चक्का जाम के साथ ही धर्म विशेष की नारेबाजी शुरू हो गई। आला अधिकारी समझाते-बुझाते रहे, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। हद तो तब हो गई जब फरीदाबाद गांव के पास दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। हारकर पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस गोलीबारी में फरीदाबाद निवासी भोलानाथ यादव की पीठ में बाई तरफ गोली लगी है। प्रशासन ने उपद्रवियों को चिह्नित करने के लिए ड्रोन कैमरे का सहारा लेने का निर्णय लिया है, लेकिन अंधेरे के कारण दिक्कतें आ रही हैं।

बवाल का दायरा लगभग दस किमी. में फैल गया है। अराजकता का आलम यह है कि एसडीएम के घायल होने और सीओ को गोली लगने, अन्य अधिकारियों का मान मर्दन होने, वादी समेत कई घर फूंके जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन बेचारगी की हालत में दिख रहा है।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई : आइजी
आजमगढ़ के खुदादादपुर उपद्रव के बाद आइजी जोन वाराणसी एसके भगत ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उपद्रव में घायल अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से मिलकर उनका कुशल क्षेम पूछा। आइजी जोन ने पुलिस और जिला प्रशासन को उपद्रवियों पर तत्परता से कार्रवाई करने के लिए बधाई दी। मीडियाकर्मियों से कहा कि स्थिति नियंत्रण में है, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और दो-तीन दिन के अंदर उपद्रवियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मंडलायुक्त आरपी गोस्वामी, डीआइजी उमेशचंद्र श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र थे ।

Related

UP 7997581812366578008

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item