बाबा अमरनाथ बर्फानी, योगीराज दया के दानी...
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_315.html
बाराबंकी। हाथों में झंडे, होठों पर बम भोले की जयकार और मन में बाबा
अमरनाथ बर्फानी तक पहुंचने की आस.....। आज कुछ ऐसा ही नजारा बाराबंकी नगर
की सड़कों पर देखने को मिला। काफिला जिसका छोर एक चौराहा से दूसरे चौराहा
तक फैला हुआ था। गाड़ियों का लम्बा काफिला, बच्चे, महिलाएं, पुरूष, जिसको
देखो वही बाबा बर्फानी के रंग में रंगा हुआ दिखायी पड़ रहा था। मौका था
बाबा अमरनाथ बर्फानी में लगने वाले श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति
बाराबंकी के लंगर के प्रस्थान का। आज मध्यान्ह करीब 12 बजे नगर के
नागेश्वर नाथ मंदिर से श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान
में भण्डारा सामग्री ले जाने वाली दो ट्रकों को ग्राम्य विकास मंत्री
अरविन्द सिंह गोप ने पूर्जा अर्चना के पश्चात नारियल फोड़ कर विदा किया।
बाराबंकी जनपद के लिए यह एक सुनहरा अविस्मरणीय पल था, जब समूचे जनपद से
इकठ्ठा हुए लोग बाबा बर्फानी के रंग में रंगे हुए दिखायी पड़ रहे थे। इस
अवसर पर मंत्री श्री गोप ने कहा कि बाबा भोले भण्डारी सबका भण्डार भरते
हैं। उनकेे दर से कभी कोई खाली हाथ नहीं लौटता है। श्री बर्फानीश्वर
महादेव सेवा समिति के प्रधान एवं अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा की हौंसलाफजाई
करते हुए श्री गोप ने आगे कहा कि श्री शर्मा ने जिस कार्य का बीड़ा आज से
पांच वर्ष पूर्व उठाया था, वह बाबा की कृपा से दिनोंदिन प्रगति पथ पर
बढ़ता जा रहा है। भगवान से यही कामना है कि श्री शर्मा ने जिस प्रकार
बाराबंकी का नाम रोशन किया है, ईश्वर उन्हें इसी प्रकार दिनोंदिन और अधिक
सामर्थ्यवान करता रहे। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कैलाशनाथ शर्मा ने
कहा कि आज जो कुछ भी है, सबकुछ भोले बाबा की कृपा से है। इस अवसर पर
भरतलाल, मुकेश, सुनील, पंकज, रिंकू सोनी, अजय सहित हजारों की तादात में
शिवभक्त मौजूद रहे।
वर्ष 2012 से जारी है शिवभक्तों की सेवा
बाराबंकी। विगत पांच वर्षों से बाबा अमरनाथ की यात्रा दौरान केलनार
(पोषपत्री), कश्मीर में श्री बर्फानीश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा लंगर
(भण्डारा) का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2012 में शुरू किये गये इस
भण्डारा ने न सिर्फ प्रदेश में बल्कि समूचे देश में एक नया आयाम गढ़ दिया
है। भीड़ देख कर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिस लंगर की शुरूआत
वर्ष 2012 में बाराबंकी के कैलाश नाथ शर्मा ने की थी, आज उसे एक मुकाम पर
पहुंचाया है। भोले बाबा की कृपा से आज श्री बर्फानीश्वर महादेव की शाखाएं
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में फैल चुकी हैं। बाराबंकी सहित सूबा
राजधानी लखनऊ, कानपुर आदि अन्य जिलों में भी श्री बर्फानीश्वर महादेव
समिति की शाखाओं ने भरपूर सहयोग किया है।
