पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_47.html
बाराबंकी। कोतवाली नगर अन्तर्गत शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी से मोबाइल
फोन पर धमकी देकर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति को बीती
रात पुलिस टीम ने दबिश देकर धर दबोचा। उसके पास से एक देशी तमंचा व
मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये
इनाम देने की घोषणा भी की।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रतिष्ठित शराब व्यवसायी
गुप्तार नाथ जायसवाल को 2 जून की रात को उनके मोबाइल फोन पर दस लाख रुपये
की रंगदारी की मांग की गयी थी। साथ ही यह भी धमकी दी गयी थी कि अगर कहीं
शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। इस धमकी से डरकर पीड़ित व्यापारियों ने
कोतवाली नगर में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इस
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह स्थानीय
टीम को लगा दिया और चंद घण्टो के अन्दर ही पुलिस टीम ने बीती रात थाना
सतरिख क्षेत्र के ग्राम सेठमऊ निवासी अनुपम जायसवाल को पकड़ लिया। इस बारे
में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी
अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैनी का काम करता था। लेकिन उसका चाल चलन
ठीक न होने के कारण 26 अप्रैल को नौकरी से हटा दिया गया था। इसी से नाराज
होकर अनुपम ने व्यापारी से रंगदारी मांगने की योजना बनायी और फर्जी आईडी
से सिम निकलवाकर व्यापारी को फोन करके दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी
थी। लेकिन सर्विलांस सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने चंद घण्टो के
अन्दर ही अनुपम को धर दबोचा।
