राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन आज, आपसी खीचतान के बाद भी भाजपाई हैं तैयार
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_739.html
बाराबंकी। आपस में रार लेकिन फिर भी सबकुछ तैयार। जी हां! यह भाजपा के
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की तैयारी को लेकर है। जनपद के सभी 6
विधानसभा सीटों पर के भावी उम्मीदवार आपस में खीचतान होने के बाद भी
कार्यकर्ताओं को यह दिखा रहे हैं कि हम सब राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत
के लिये पूरी तरह से तैयार हैं। भावी उम्मीदवारों के बैनरों से पूरा शहर
रंग गया है। लेकिन आगे चेहरा दिखाने के खातिर जमकर जूतम पैजार भी हुई है।
बाराबंकी शहर के जीआईसी ग्राउण्ड में सोमवार 27 जून को भाजपा के
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आगमन दोपहर 12 बजे होना है। राष्ट्रीय
अध्यक्ष का कार्यक्रम में मुख्य रुप से कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और बूथ
कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ मंत्रणा करना मुख्य रुप से तय है। लेकिन
विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़, दरियाबाद, रामनगर, जैदपुर, कुर्सी और नवाबगंज
में पिछले कई महीनों से भाजपा के टिकट पाने के दावेदार राष्ट्रीय अध्यक्ष
के आगे अपना जलवा हाई करने में जुटे हुए हैं। सबसे ज्यादा जलवा दिखाने के
खातिर कार्यक्रम स्थल के आस पास होर्डिंग लगाने को लेकर दिख रहा है। बीती
रात कार्यक्रम स्थल के नजदीक होर्डिंग लगाने को लेकर भाजपा के दो
पदाधिकारी आपस में भिड़ गये और खून खराबा तक कर लिया। मामला कोतवाली तक जा
पहुंचा। सबसे ज्यादा होर्डिंग लगाने को लेकर नवाबगंज और रामनगर विधानसभा
के भावी प्रत्याशियों में दिख रहा है। अभी किसी का टिकट तय नही है। लेकिन
राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपना जलवा ऊंचा करने के खातिर यह नेतागण कुछ
भी कर गुजरने को तैयार हैं। रामनगर विधानसभा क्षेत्र से राधा कृष्ण
मिश्रा, रामबाबू द्विवेदी, सिद्धार्थ अवस्थी, शरद अवस्थी टिकट के दावेदार
हैं तो नवाबगंज से पूर्व एमएलसी हरगोविन्द सिंह आगे चल रहे हैं। यही हाल
दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र का भी नजर आ रहा है। यहां पर भाजपा के जिला
पंचायत सदस्य सतीशचन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक सुन्दर लाल दीक्षित,
विवेकानन्द पाण्डेय ने भी शहर के प्रमुख स्थानों पर अपने बैनर टंगवाकर यह
दिखाने का प्रयास किया है कि दरियाबाद से सबसे अच्छे उम्मीदवार हमी
रहेंगे। यही हाल हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र का भी है। भाजपा नेत्री रानी
कनौजिया, रामसागर रावत, प्रियांशु कुशमेश, कुन्दन लाल सहित आधा दर्जन
टिकट पाने के दावेदार भी इस कोशिश में जुटे हुए हैं कि कम से कम
राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात अगर न हो तो बैनर में उनका चेहरे और नाम पर
उनकी नजर पड़ जाये। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिये जिले से लेकर
मण्डल और प्रदेश स्तर के नेताओं ने दो दिन पहले से ही जिले में डेरा डाल
लिया है और पूरे कार्यक्रम की रुप रेखा को तय कर ली है। बस इंतजार
राष्ट्रीय अध्यक्ष का ही रह गया है। जिस तरह के हालात और गुटबाजी जिले के
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच दिख रही है। उससे यही शंका जतायी जा रही
है। कि कहीं कल मच पर ही यह लोग अपना जलवा हाई करने के चक्कर में आपस में
भिड़ न जायें। कुल मिलाकर दिखावे में तो सारा कार्यक्रम पूरी तरह से तैयार
है। लेकिन भाजपा नेताओं के दिलों के अन्दर खिच गयी तलवार है। वैसे भाजपा
जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के
कार्यक्रम के लिये हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं। जिले में कहीं पर भी
कोई गुटबाजी नही है। विरोधी पार्टियां बदनाम करने के खातिर ही आये दिन
आरोप लगाती हैं। जिले के सभी नेताओं ने इस कार्यक्रम में पूरी ईमानदारी
से मेहनत की है। कोई भी यह नही कह सकता कि किसी एक ने मेहनत की है।

