लूटा गया 14 कुन्तल सरिया, ट्रक व अवैध असहले हुए बरामद
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/14.html
बाराबंकी। कोतवाली हैदरगढ़ अन्तर्गत दो माह पूर्व बाइस कुन्तल सरिया को
लूटने वाले शातिर गिरोह के चार सदस्यों को बीती रात पुलिस ने पकड़ लिया और
उनकी निशादेही पर लूट का सामान खरीदने वाले दुकानदार के पास से लूटा गया
करीब 14 कुन्तल सरिया, एक ट्रक, लूटा का मोबाइल व अवैध असलहे बरामद किये।
पुलिस ने सभी आरोपियों को धारा 394 के तहत जेल भेज दिया। पकड़े गये
लुटेरों में से दो लुटेरे आपस में जीजा और शाले भी लगते हैं। जानकारी के
अनुसार, 12 मई की रात को करीब 1 बजे कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम
करौंदी में निमार्णाधीन मकान के सामने शातिर लुटेरे एक ट्रक लेकर आये थे
और मकान मालिक को बंधक बनाकर करीब 22 कुन्तल सरिया व अन्य सामान लूटकर
फरार हो गये थे। काफी ना नुकुर के बाद कोतवाली हैदरगढ़ प्रभारी ने लूट का
मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरु की थी। इस घटना के खुलासे के लिये
पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच टीम को भी लगाया था। काफी कोशिश के बाद
जब पुलिस निराश होने लगी तो 9 जुलाई की रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस
ने जनपद उन्नाव थाना नवाबगंज के ग्राम लालता खेड़ा मजरे जमुका निवासी
अरविन्द लोध पुत्र रामपाल लोध को पकड़ा। उसके पकड़ने के बाद पुलिस को सफलता
मिलनी शुरु हो गयी। 24 घण्टे के अन्दर ही पुलिस ने अरविन्द के सहयोगी मान
सिंह लोधी निवासी मुकुन्द खेड़ा और ओम प्रकाश लोधी निवासी सधौरा व
वीरेन्द्र कुमार लोधी निवासी ग्राम कोरारी कला को धर दबोचा। इनकी
निशादेही पर पुलिस ने जनपद उन्नाव के थाना बीघापुर क्षेत्र के ग्राम
सोनखेड़ा मजरे कटरा निवासी दिनेशचन्द्र यादव को पकड़ लिया और उनके पास से
लूटी गयी 14 कुन्तल सरिया, लूट में प्रयुक्त ट्रक, लूटा गया एक मोबाइल और
एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद किये। इस पूरे घटनाक्रम के बारे
में पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने बताया कि मान सिंह लोधी और अरविन्द
लोध शातिर अपराधी हैं। इन लोगों के विरुद्ध जनपद लखनऊ, गोरखपुर और
बाराबंकी में अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें गिरोह का सरगना अरविन्द
कुमार है। इसके पास एक स्कार्पियो गाड़ी और ट्रक है। उन्होने बताया कि जिस
जगह पर इन लोगों को घटना करनी होती थी। यह लोग पहले घटनास्थल पर जाकर के
बारीकी से निरीक्षण करते थे और बाद में घटना को अंजाम दे देते थे। पकड़े
गये लुटेरों में से मान सिंह, अरविन्द का सगा शाला है। इन लोगों ने
पिछले माह 10 जून को थाना कैम्पियरगंज जनपद गोरखपुर में सरिया चोरी के
दौरान ग्रामीणों के जाग जाने पर ट्रक छोड़कर वहां से निकल भागे थे और
गिरोह के सरगना अरविन्द लोध की स्कार्पियो गाड़ी हैदरगढ़ क्षेत्र में
दुघर्टनाग्रस्त हो गयी थी। उन्होने बताया कि पकड़े गये सभी लुटेरे काफी
शातिर किस्म के हैं। कई बार पुलिस के चंगुल में आते आते बच गये थे। पुलिस
अधीक्षक ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा भी की।
