मोदी के 24 विदेशी दौरे, 42 देशों में गए, 113 दिन बाहर रहे
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/24-42-113.html
नई दिल्ली: पहली बार अफ्रीकी महाद्वीप की आधिकारिक यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह वापस लौटे और इस तरह उन्होंने मई, 2014 में प्रधानमंत्री पद पर आसीन होने के 25 महीनों के दौरान अपने 24 अंतर्राष्ट्रीय दौरे पूरे कर लिए हैं। अब तक वह 42 देशों की यात्रा पूरी कर चुके हैं और सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वह इस अवधि के दौरान 113 दिन भारत से बाहर रहे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यू.पी.ए.) के दोनों कार्यकाल के दौरान पहले 25 महीनों के लिहाज से देखें तो मोदी अपने पूर्ववर्ती प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तुलना में सबसे ज्यादा यात्रा करने वाले प्रधानमंत्री के तौर पर उभरे हैं।
3 बार प्रधानमंत्री बने अटल बिहारी वाजपेयी ने भी अक्तूबर, 1999 से शुरू हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) कार्यकाल की अपनी पूर्ण अवधि के पहले 25 महीनों के दौरान बेहद कम यात्राएं की थीं। 25 महीनों की शुरूआती अवधि की तुलना में मई, 2004 में शुरू हुए पहले कार्यकाल के दौरान मनमोहन सिंह ने 16 दौरे किए थे और मई, 2009 से शुरू हुए दूसरे कार्यकाल के दौरान 18 यात्राओं पर गए जो मोदी की 24 यात्राओं के मुकाबले कम हैं।
जब वाजपेयी प्रधानमंत्री थे तब इस समान अवधि के दौरान उन्होंने महज 6 अंतर्राष्ट्रीय यात्राएं की थीं। इसी समान अवधि के दौरान जितने देशों का दौरा किया गया उस लिहाज से भी मोदी अव्वल रहे हैं और उन्होंने इस अवधि के दौरान 42 देशों की यात्रा की है। मनमोहन सिंह ने पहले कार्यकाल के 25 महीनों के दौरान 14 देशों की यात्रा की थी और बाद के कार्यकाल के दौरान 24 देशों की यात्रा की थी। वहीं वाजपेयी इस अवधि के दौरान महज 9 देशों की यात्रा पर गए।
कई ऐसे भी देश हैं जहां इन प्रधानमंत्रियों को एक बार से अधिक आधिकारिक यात्रा पर जाना पड़ा। मिसाल के तौर पर मोदी अमरीका की यात्रा पर 3 बार जा चुके हैं। इसके अलावा वह नेपाल, फ्रांस, सिंगापुर, रूस, अफगानिस्तान और उज्बेकिस्तान की यात्रा भी दोहरा चुके हैं। मनमोहन सिंह अपने पहले कार्यकाल के शुरूआती 2 वर्षों के दौरान ब्रिटेन, रूस के अलावा अमरीका की यात्रा पर एक बार से अधिक बार गए और दूसरे कार्यकाल की समान अवधि के दौरान भी वह रूस और अमरीका एक बार से अधिक बार गए।
देश से बाहर वक्त बिताने के लिहाज से देखें तो प्रत्येक प्रधानमंत्रियों के पहले 25 महीनों के कार्यकाल के दौरान मोदी 113 दिन देश से बाहर रहे जबकि मनमोहन सिंह अपने दोनों कार्यकाल के दौरान क्रमश: 64 और 76 दिन देश से बाहर रहे तथा वाजपेयी महज 49 दिन ही देश से बाहर रहे। इन यात्राओं के खर्च की तुलना इस वक्त नहीं की जा सकती है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी की कई यात्राओं के बिल अभी उपलब्ध नहीं हैं।
मोदी की अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं में विशेष तौर पर उनकी अमरीका यात्रा जिसमें मैडिसन स्क्वायर में हुआ भव्य स्वागत, अमरीकी कांग्रेस में संबोधन और सिलिकॉन वैली का दौरा सुॢखयों में रहा। उनकी हालिया अफ्रीका यात्रा भी अहम थी। वह भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं जो 34 वर्षों के बाद मोजाम्बिक की यात्रा पर गए। इससे पहले इंदिरा गांधी 1982 में वहां की यात्रा पर गई थीं।

