बोलेरो की टक्कर से बेटे की मौत, पिता गंभीर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_304.html
बाराबंकी। थाना मसौली अन्तर्गत आज दोपहर अपने पिता के साथ स्कूल में नाम
लिखाने जा रहे एक 14 वर्षीय बालक को अज्ञात बोलेरो गाड़ी ने जोरदार टक्कर
मार दी। जिसमें बालक की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि पिता गंभीर रुप से
घायल हो गया। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज
दिया। जानकारी के अनुसार, थाना मसौली क्षेत्र के ग्राम नेवला निवासी
दिनेश कुमार अपने 14 वर्षीय इकलौते पुत्र को साथ में लेकर साइकिल द्वारा
मसौली में स्थित एक विद्यालय में कक्षा-9 में नाम लिखवाने जा रहा था। अभी
वह मसौली के पास स्थित पेट्रोल पम्प के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ
रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो गाड़ी ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिसमें
मौके पर ही सर्वेश की मौत हो गयी। जबकि दिनेश गंभीर रुप से घायल हो गया।
घटना के बाद गाड़ी चालक गाड़ी सहित भागने में कामयाब रहा। वहां पर मौजूद
कुछ नागरिकों ने इसकी सूचना पहले मसौली पुलिस को दी। बाद में घायल को एक
निजी वाहन से जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने लाश का पंचनामा
भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इस घटना के बाद ग्राम नेेवला में
मातम सा छा गया है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

