aajtaktimes

जौनपुर सांसद प्रतिनिधि की गोली लगने से मौत

जौनपुर। भाजपा सांसद डा. केपी सिंह के प्रतिनिधि एवं युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह परिवर्तन शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत हो गयी। घटना के समय वे अपने रिहाइशगाह के समीप स्थित दलित छात्रावास में थे। घटना की सूचना पर पहुंची सम्बन्धित थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का दावा है कि मौके से दो जिंदा कारतूस व एक खोखे के साथ उनकी अपनी रिवाल्वर मिली है जिससे घटना आत्महत्या प्रतीत होती है। हालांकि परिजनों ने अभी कुछ भी बोलने से इनकार किया है लेकिन घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरु हो गयी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी प्राप्त नहीं हुआ है जिससे शंकाओं को बल मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक सांसद प्रतिनिधि टीडी कालेज के समीप स्थित कांशीराम दलित छात्रावास में काफी दिनों से एक कमरे में रहते थे। उसी के समीप वह अपनी रिहाइशगाह भी बनवा रहे थे। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक कमरे से गोली की आवाज सुनाई पड़ी जिससे आस-पास के लोगों में हड़कम्प मच गया और लोग गोली की आवाज के आधार पर छात्रावास पर पहुंच गये जहां सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह परिवर्तन खून में लथपथ पड़े हुए थे हालांकि उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी लेकिन आनन-फानन में उन्हें चिकित्सालय भी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। इधर घटना की जानकारी होते ही लाइन बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और मौके से छानबीन के दौरान मृतक की लाइसेंसी रिवाल्वर दो जिंदा कारतूस व एक खोखा भी बरामद हुआ। जिसके आधार पर पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर छानबीन में जुट गयी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव का कहना हैं कि घटनास्थल के निरीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही है हालांकि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। इधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। घटना के संबंध में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। कुछ लोगों का कहना हैं कि सांसद प्रतिनिधि काफी दिनों से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित चल रहे थे जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। इधर मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने कुछ भी कहने से इनकार किया।

Related

UP 4327743243573090925

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item