पेट की भूख के लिए बेच दिया दो दिन का बेटा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_788.html
गरीबी की मार सहते लोगों के अपने बच्चों को बेचने की खबर तो आपने खूब सुनी होंगी लेकिन जो खबर हम आपको बताने वाले हैं वो वाकई दिल दहलाने वाली है। झारखंड के रामगढ़ में एक आदिवासी विधवा ने अपने लख्ते जिगर को दो हजार रुपये में एक व्यक्ति के हाथों बेच दिया। मजबूर मां के पेट की भूख उसकी ममता पर भारी पड़ गई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मामला रामगढ़ जिले के मांडू ब्लॉक का है। जहां बिहोर जनजाति से संबंध रखने वाली बांजी गांव की महिला को यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। महिला इस कदर गरीब थी कि उसके सामने भूखे मरने का संकट पैदा हो गया था जिसके बाद उसने यह दर्दनाक कदम उठाया।
मंगलवार को यह मामला जिला प्रशासन के सामने आया तो हड़कंप मच गया। इसके बाद बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई। एसडीएम किरन कुमार पासी ने भी इस बात की पुष्टि की कि उक्त मां ने दो हजार रुपये में अपने बच्चे को किसी और के हाथों बेच दिया। इसके बाद प्रशासन ने बच्चे को वापस लाने के लिए गंभीर प्रयास शुरू किए।

