लाखों रुपये के मेंथा आयल व नकदी, जेवरात पर किया हाथ साफ
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_810.html
बाराबंकी। थाना असन्द्रा अन्तर्गत बीती रात शातिर चोरों ने एक ही गांव
में आधा दर्जन घरों में लाखों रुपये का मेंथा आयल, जेवरात और नकदी बटोरकर
फरार हो गये। ग्रामीणों ने थाने में तहरीर दी। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ
रखे बैठी रही। लेकिन उत्साही ग्रामीणों ने खुद चोरों का पता लगाने के
लिये निकले और एक चोर को चोरी के माल सहित पकड़ कर पुलिस के हवाले कर
दिया। पुलिस पूरे मामले में लीपापोती करने में जुटी हुई है। जानकारी के
अनुसार, थाना असन्द्रा क्षेत्र के ग्राम मजगवां में 15/16 जुलाई की रात
शातिर चोरों ने धाबा बोला। चोरों ने सबसे पहले गांव के ही संतराम रावत
पुत्र कल्लू रावत घर को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर छप्पर के सहारे छत
पर पहुंच गये और कमरे में रखा तीस लीटर मेंथा आयल, जेवरात और आठ हजार
रुपये नकद चुरा ले गये। इसके बाद शातिर चोरों ने श्याम लाल पुत्र कल्लू
के घर में घुस गये और कमरे में रखा 12 हजार रुपये नकद और हजारों रुपये के
जेवरात चुरा ले गये। इसके बाद शातिर चोर राम प्रसाद, महराजदीन, वासुदेव
के घरों को निशाना बनाया और चोर छत के सहारे कमरे में जाने के बाद इन
घरों में रखा भारी मात्रा में मेंथा आयल, कीमती जेवरात व अन्य सामान चुरा
ले गये। एक साथ आधा दर्जन घरों में चोरी की जानकारी जैसे ही गांव वालों
को हुई तो पूरे गांव में दहशत फैल गयी। सभी पीड़ित घटना की शिकायत करने
थाना असन्द्रा पहुंचे। लेकिन असन्द्रा पुलिस ने सिर्फ शिकायती पत्र लिया।
चोरी का मुकदमा नही दर्ज किया। पुलिस ने सभी पीड़ितों से कहा कि खुद जाकर
चोरों का पता लगाओ। पुलिस से निराश होकर सभी पीड़ित घर लौट आये। इन
पीड़ितों को शुक्लनपुरवा गांव के श्रीकृष्ण के ऊपर शंका थी। बीती रात सभी
ग्रामीणों ने श्रीकृष्ण पर निगाह रखी। रात के 12 बजे के करीब जब
श्रीकृष्ण अपने खेत में घूर के अन्दर छुपाकर रखा मेंथा आयल निकाल रहा था।
उसी समय ग्रामीणों ने उसको रंगे हाथ पकड़ लिया और बाद में असन्द्रा पुलिस
को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी
की वारदातों में श्रीकृष्ण के साथ में उसके कई अन्य सहयोगी भी हैं। लेकिन
असन्द्रा पुलिस उन सहयोगियों को पकड़ने की वजाय उनकी पैरवी कर रही है।
घटना के बारे में असन्द्रा पुलिस का कहना था कि ग्राम मझगवां में चोरी की
घटना की सूचना मिली है। जांच पड़ताल जारी है। कुल मिलाकर असन्द्रा थाना
क्षेत्र मंे आये दिन चोरी की ताबड़तोड़ घटनाएं घट रही है। लेकिन पुलिस
मुकदमा दर्ज करने की वजाय घटना को छुपाने में ज्यादा दिलचस्पी ले रही है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर लापरवाह पुलिस
कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

