मूसलाधार बारिश में ढह गया नाला, यातायात बाधित
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_836.html
बाराबंकी। आज सुबह हुई मूसलाधार बारिश में बाराबंकी नगर क्षेत्र स्थित
छाया चौराहे से पुलिस लाइन की ओर जाने वाला मार्ग पर स्थित जमुरिया पुल
के बायें किनारे स्थित नाला ढह गया। इस मलबे में किसी की हताहत होने की
कोई खबर नही है। किसी प्रकार का जान माल का नुकसान नही हुआ। नाला ढहते ही
आस पास के लोगों का जमावड़ा मौके पर हो गया। आस पास की दुकानों के शटर गिर
गये। लोगों ने उच्चाधिकारियों को फोन पर जानकारी दी। लेकिन जानकारी देने
के बावजूद किसी सक्षम अधिकारी ने मौके पर पहुंचना लाजमी नही समझा। लोगों
का जमावड़ा होने के कारण यातायात भी काफी देर बाधित रहा। इस दौरान यातायात
व्यवस्था को संभालने के लिये कोई पुलिसकर्मी भी मौके पर नही पहुंचा। इस
बात को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। वहीं दूसरी तरफ आज सुबह से हो रही
झमाझम बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख चौराहों सहित मोहल्लों में भी
बरसात का पानी घुस गया। जिसके कारण नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना
करना पड़ा।
भीषण बरसात के कारण बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, छाया चौराहा,
धनोखर चौराहा, पैसार नाका व दशहरा बाग में पानी इतना भर गया कि लोगों को
आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर के
लखपेड़ाबाग, आवास विकास, असद नगर, विजय नगर, दियानत नगर आदि प्रमुख
मोहल्लों में जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण बरसात का गंदा
पानी घरो में घुस गया और नागरिकों को काफी मुसीबत का सामना करना पड़ा।
वहीं लखपेड़ाबाग लान के पीछे जल भराव से वहां के निवासियों को घर से
निकलना दूभर हो गया है। शुक्रवार की सुबह तेज मूसलाधार बारिश के चलते शहर
के कई इलाकों में पानी के भर जाने से लोग घरो में रहने को मजबूर हो रहे
हैं।


