टिकैतनगर सर्राफा लूटकाण्ड का पुलिस ने किया पर्दाफाश
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_875.html
बाराबंकी। थाना टिकैतनगर पुलिस और अपराध शाखा के बहादुर पुलिस कर्मियों
ने ढाई माह पूर्व सुबह एक सर्राफा व्यवसायी से लूटपाट करके आतंक मचाने
वाले गिरोह का भण्डाफोड़ करते हुए दस शातिर अपराधियों को धरदबोचा। पुलिस
टीम ने इन शातिर अपराधियों के पास से भारी मात्रा में सोने चांदी के
जेवरात अवैध असलहे चोरी की बोलेरो और मोटर साइकिल बरामद की। टिकैतनगर
पुलिस ने सभी शातिर अपराधियों को जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सात
मई की सुबह करीब 9 बजे थाना टिकैतनगर क्षेत्र के नियामतगंज बाजार में
सर्राफा व्यवसायी बृज किशोर सोनी निवासी फत्तापुर कला की दुकान पर शातिर
अपराधियों ने धाबा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिये थे और विरोध
करने पर हथगोलों और अवैध असलहों से फायर करके सभी बदमाश फरार हो गये थे।
टिकैतनगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके लुटेरों की तलाश
शुरु कर दी थी। लेकिन कई हफ्तों तक जब टिकैतनगर पुलिस घटना का खुलासा नही
कर सकी तो पुलिस अधीक्षक ने जिले के एसओजी टीम और अपने अधीनस्थ
अधिकारियों को इस घटना में लगा दिया था। करीब दो माह तक अपराधियों की
तालाश करते करते 22 जुलाई की शाम पुलिस को सफलता हासिल हुई। पुलिस टीम को
मुखबिर ने सूचना दी कि बोलेरो और अपाची सवार कई बदमाश रामनगर क्षेत्र में
किसी घटना को अंजाम देने के लिये खड़े हैं। इसी सूचना पर रामनगर
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, टिकैतनगर थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह,
स्वाट टीम प्रभारी विकास पाण्डेय आदि लोगों ने अपने सहयोगियों के साथ
ग्राम जंगू का पुरवा मजरे लडहरा को घेर लिया। जहां पर शातिर अपराधी मौजूद
थे। पुलिस कर्मियों ने मुठभेड़ के बाद वहां पर मौजूद दस शातिर अपराधियों
को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने इन अपराधियों के पास से दो अवैध
असलहे, भारी मात्रा में कारतूस, करीब दो किलो चांदी के जेवरात, सोने के
आभूषण, दस हजार रुपये नकद, एक बोलेरो जीप और दो मोटर साइकिल बरामद की।
पकड़े गये शातिर अपराधियों में से इनका सरगना जनपद गोण्डा के ग्राम सुनौली
मोहम्मदपुर थाना उमरी बेगमगंज के साथ में उनके सहयोगी थाना तरबगंज जनपद
गोण्डा के ग्राम भदौरा निवासी रामलोचन रावत इसी थाना क्षेत्र के ग्राम
बेलसर निवासी अनूप सिंह यहीं के ग्राम बधई का पुरवा देवा कोरी ग्राम
भेंदौरा के राधेश्याम रावत, जनपद गोण्डा के थाना परसपुर के ग्राम
भजापुरवा पसका निवासी हिमांशु सिंह, इसी गांव के नरेन्द्र यादव इसी थाना
क्षेत्र के ग्राम चंदापुर खेतवली निवासी मनोज यादव व थाना करनैलगंज के
ग्राम मुडेरवा निवासी राहुल सिंह व जनपद बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र के
ग्राम मड़ना निवासी मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बारे में
प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने बताया कि पकड़े गये
अपराधियों ने जनपद गोण्डा में नागरिकों के नाक में दम कर रखा था। अधिकांश
अपराधियों के खिलाफ गोण्डा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई
मुकदमें दर्ज हैं। उन्होने बताया कि इस पूरे गिरोह का सरगना अनिल यादव
था। उसी के इशारे पर गिरोह के सदस्य घटना को अंजाम देते थे और बाद में
मिल बाटकर आपस में लूटा गया धन रख लेेते थे। पुलिस अधीक्षक ने पूरी पुलिस
टीम को पांच हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की।
जरा इधर भी ध्यान दी दीजिए एसपी साहब!
टिकैतनगर लूटकाण्ड का खुलासा करके पुलिस अधीक्षक और उनके अधीनस्थ पुलिस
अधिकारी भले ही वाहवाही लूट रहे हों लेकिन जनपद के विभिन्न थाना
क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा अभी तक पुलिस नही कर सकी है।
थाना लोनीकटरा क्षेत्र के एक शिक्षक से लूट का मामला हो या फिर थाना
असन्द्रा क्षेत्र में किसान से पचास हजार रुपये लूट की घटना हो। इन
घटनाओं से साफ पता चलता है कि बाराबंकी जनपद में एक नही लुटेरों के कई
गैंग सक्रिय हैं। जिनके कारनामों से जनपद में दहशत ही व्याप्त है। इतना
ही नही कप्तान के चहेते थानाध्यक्ष तो लूट की घटनाओं को ही पी जाते हैं।
पीड़ित चाहे लाख जितना भी रोये चिल्लाये लेकिन पुलिस कर्मी उनकी नही सुनते
यहां तक की जब पीड़ित पुलिस कप्तान से शिकायत करता है उस पर भी पुलिस
अधीक्षक अपने अधीनस्थ की बातों पर ज्यादा विश्वास करते हैं।


