प्रधानमंत्री आवास में वसूली की शिकायत करना युवक को पड़ा महंगा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/07/blog-post_957.html
बाराबंकी। विकास खण्ड बनीकोडर के ग्राम पंचायत खरिकाफूल में प्रधानमंत्री आवासों में प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी द्वारा की जा रही अवैध वसूली की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। दबंग ग्राम प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ घर पर धाबा बोलकर पहले शिकायतकर्ता को दौड़ाया। बाद में घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट भी की। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगायी है। जानकारी के अनुसार, विकास खण्ड बनीकोडर के ग्राम पंचायत पूरेसुब्बा मजरे खरिकाफूल निवासी गुड़िया पत्नी पंकज अवस्थी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसको एक आवास मिला था। पहली किस्त जब गुड़िया के खाते में आयी तो ग्राम प्रधान पति ने गुड़िया से दस हजार रुपया सुविधा शुल्क कहकर ले लिया बीडीओ साहब को देना है। जब गुड़िया ने किसी तरह से निर्माण कार्य शुरु करवाया तो उसके बाद दूसरी किस्त में कोई पैसा नही लिया गया। लेकिन जब मजदूरी का पैसा बैंक में आया तो ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों ने गुड़िया पर दबाव डाला पांच हजार रुपया और चाहिये तभी तुम्हारा यह पैसा निकलेगा। प्रधान की दबंगई से आहत होकर गुड़िया के पति पंकज अवस्थी ने इसकी लिखित शिकायत उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट से की। शिकायती पत्र को तो अधिकारियों ने ठण्डे बस्ते में डाल दिया। लेकिन जैसे ही इसकी भनक ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों को लगी तो इन लोगों ने बीती शाम पंकज अवस्थी के घर पर धावा बोल दिया। घर पर मौजूद गुड़िया को इन लोगों ने पहले जमकर अपशब्द कहें बाद में उससे हाथापाई की। जब उसका विरोध उसके पति पंकज ने किया तो ग्राम प्रधान पति और उनके समर्थकों ने पंकज को दौड़ा लिया। करीब दो किलोमीटर तक इन दबंगो ने पकंज का पीछा किया। लेकिन पंकज इनके हाथ नही आया। वहंा से हताश होकर सभी दबंग वापस लौट गये। लेकिन जाते समय गुड़िया को यह धमकी दे गये। शिकायत वापस ले लो वरना अंजाम बहुत ही बुरा होगा। काफी देर तक जब पंकज वापस घर नही लौटा तो दूसरे दिन सुबह गुड़िया ने थाना असन्द्रा में आकर इस घटना की लिखित शिकायत की। लेकिन असन्द्रा पुलिस ने उक्त घटना को गंभीरता से नही लिया। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पंकज का कोई पता नही चला है। अपने पति के तलाश में गुड़िया थाने के चक्कर लगा रही है।

