विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारी हेतु बैठक सम्पन्न
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/2017_30.html
जौनपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में सोमवार को सायं कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2017 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2017 की तैयारी हेतु नियुक्त सेक्टर आफिसर तथा पुलिस नोडल अधिकारी/सेक्टर आफिसर की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी एवं समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में 24 सेक्टर आफिसर अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित सेक्टर आफिसर के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुये उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। बैठक में अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सेक्टर आफिसरों को विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य सकुशल निष्पादित कराने हेतु तथा मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर मतदेय स्थलों पर मार्ग की उपलब्धता, मतदेय स्थल के भवन की स्थिति, रैम्प, विद्युत, पेयजल व्यवस्था, संचार आदि व्यवस्था सुनिश्चित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया।

