aajtaktimes

पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया रक्षाबंधन का पर्व

अजमी रिज़वी
बाराबंकी। राखी बहन के पवित्र प्रेम और रक्षा की डोरी है। रक्षाबंधन
स्नेह का वह अमूल्य बंधन है, जिसका बदला धन तो क्या सर्वस्व देकर भी नहीं
चुकाया जा सकता। यह त्यौहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है। राखी के
जरिये बहनें भाई की सलामती की दुआ मांगती हैं तो भाई ताउम्र बहन की
हिफाजत का बीड़ा उठाते हैं, फिर चाहे रिश्ता खून का हो या सिर्फ कच्चे
धागे का। एक वक्त था जब राखी के धागे कच्चे होते थे और प्यार के रिश्ते
मजबूत, लेकिन समय बदलने के साथ-साथ भाई-बहन के इस प्यार भरे त्यौहार में
दिखावा भारी पड़ने लगा है। भाई-बहन के प्रेम का अटूट बन्धन का पर्व
रक्षाबन्धन आज हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर
रेशम की डोर बाँधकर प्यार के इस बन्धन को नई ऊँचाई दी। रक्षाबन्धन पर्व
को लेकर बहनों में काफी उत्साह देखा गया। त्यौहार को लेकर बा़जारों में
राखी व मिठाई की दुकानें सजी हुयी थीं। बा़जार में ग्राहकों की भीड़ होने
की वजह से खासी रौनक रही। बहनों ने अपनी पसन्द की राखी और छोटे बच्चों के
लिए खिलौने खरीदे। इसके बाद उन्होंने अपने भाई को तिलक लगाया और उनकी
कलाई पर रंग बिरंगी राखी बाँधी। वहीं दूसरी ओर जेल में बंदियों को राखी
बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं आई। जिला कारागार में इस पर्व पर
विशेष रूप से मुलाकात की व्यवस्था की गई। भाई-बहन के अटूट बंधन का
त्योहार रक्षाबंधन पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। रक्षा सूत्र
बांधने के साथ ही भाइयों ने बहनों को सुरक्षा का विश्वास दिलाया। जिसमे
बहनों ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांध कर सुरक्षा का वायदा लिया। शाम
होते ही शहर के दर्पण सिनेमा हाल, गल्ला मंडी, घंटाघर स्थित जायसवाल
मार्केट के पास लगी रंगारंग कार्यक्रम आयेजित हुए तथा झांकियां सजाई गयी।
इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए।
कारागार में भी बहनों ने बांधा रक्षा कवच
बाराबंकी। जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को राखी बांधने के लिए
रविवार को विशेष रूप से मुलाकात का आयोजन किया गया। जिले व बाहर के
जनपदों में दर्जनो महिलाएं रक्षाबंधन के पर्व पर भाइयों को राखी बांधकर
स्वस्थ व मंगल कामना के लिए जेल पहुंची। आज विशेष तौर पर राखी बांधने
आयीं महिलाओं की मुलाकात बंदियों से कराई गयी। इस दौरान जेल में माहौल
गमगीन रहा। मिठाई व तरह-तरह की राखियों के साथ रोली-चंदन भी ले कर आई
बहनों ने अश्रुपूरित नेत्रों से राखी बांधने के बाद भाइयों के जल्द रिहा
होने की कामना की।
गोप, सुरेश, राजेश, राजनाथ, रियाज, मुख्तार ने दी रक्षाबंधन की बधाई
बाराबंकी। रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर जनपद में खुशी का माहौल
देखते बन रहा था। हर तरफ लोग अपनी बहनों से राखियां बंधवाकर खुशिया मना
रहे हैं। रक्षा बंधन के अवसर पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष
एवं राज्यसभा सांसद डॉ पीएल पुनिया, सांसद प्रियंका सिंह रावत, ग्राम्य
विकास मंत्री अरविन्द सिंह गोप, सदर विधायक सुरेश यादव, समाजवादी चिंतक
राजनाथ शर्मा, जैदपुर चेयरमैन रियाज अहमद, हरख ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि
मुख्तार अहमद शाह सहित जनपद के कई समाजसेवियों एवं राजनैतिक लोगों ने
जनपदवासियों को बधाईयां दी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ पीएल पुनिया ने
अपने बधाई संदेश में कहा है कि रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट
रिश्तों को मजबूती प्रदान करता है साथ ही समाज को सांस्कृतिक रूप से
समृद्ध बनाने का अवसर भी प्रदान करता है। समाजवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा
ने रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षा बन्धन भाई-बहन के अटूट
रिश्ते का प्रतीक है। यह त्यौहार भारतीय संस्कृति की पहचान है। राखी
बांधकर बहन-भाई एक-दूसरे की रक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराते है।
हृदय स्पर्शी रस्म है रक्षा बंधन: गोप
बाराबंकी। पूरे भारत में आज रक्षा बन्धन का त्योहार बड़े हर्ष उल्लास के
साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री
अरविन्द कुमार सिंह गोप के स्थित सिविल लाइन आवास पर प्रजापिता
ब्रहमाकुमारी की बहनो ने पहुंच कर मंत्री अरविन्द कुमार सिंह ‘‘गोप’’ के
कलाई पर राखी बांधी। इस पावन पर्व पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी
ब्रहमाकुमारी की बहनों ने राखी बांधी इस अवसर पर श्री गोप ने कहा कि
भाइयों को स्नेह के सूत्र में बांधने की यह एक बहुत ही हृदय स्पर्शी,
भावभीनी रस्म है। रक्षा बन्धन का पुनीत पर्व रंग बिरंगे रेशम के धागो
सहित एक प्रभु पिता की सन्तान होने का गौरव भी स्मृति में दिलाता है। यह
पावन पर्व हमको प्रेरणा देता है कि हम अपने मन को ज्ञान पवित्रता,
शान्ति, प्रेम, खुशी, आनन्द और शक्ति के सत्य रंगों से सजा ले तथा इन
गुणो की खुशबू से प्रकृति सहित सम्पूर्ण विश्व को महका दे। इस अवसर पर
ब्रहमकुमारी बहन अनुराधा, ब्रहमकुमारी बहन दिप्ती,  ब्रहमकुमारी बहन
प्रीती, ब्रहमकुमारी बहन लीना, दिनेश कुमार, हशमत अली गुडडू, अमित कुमार
आदि मौजूद रहे।
दिखी हिन्दू मुस्लिम एकता की मिशाल
जैदपुर बाराबंकी। भाई और बहन के प्यार का प्रतीक त्यौहार रक्षा बन्धन
कस्बे में हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के हाथ पर राखी
बॉधकर उनकी लम्बी उम्र की कॉमना की तो भाईयों ने भी बहनों को रक्षा का
वचन दिया ये कस्बा भाई चारा सभ्यता के लिये काफी प्रसिद है आज भी धर्म से
उपर उठकर हिन्दु मुस्लिम एक दूसरे को राखी बॉधकर सौहार्द की मिशाल कायम
की हैै। इस मौके पर चेयरमैन रियाज अहमद ने कहा कि आज सिर्फ लोगों को अपनी
बहनों की परवाह है दूसरों की बहनों को अपनी बहन की तरह इज्जत नही देते
हमंे केवल अपनी बहन नही बल्कि दूसरों की बहनों के आत्मसम्मान को सहेज कर
रखना चाहिये राखी का ये धागा सिर्फ रेशम की डोर नही बल्कि बहनों के प्रेम
व विश्वास का एक बन्धन है। जिसे हमंे टूटने नही देना चाहिये तभी खूबसूरत
पर्व की महक से पूरा देश महकेगा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रियाज
अहमद, मुख्तार अहमद शाह, शहाबुददीन सिददीकी, इस्तियाक, बब्बू, शेख अजमज
अली, फुरकान, वकील शादाब, इमरान शिददीकी, हबीब खॉ, दीपक निगम, दिनेश
कुमार जायसवाल, आलिमा शमीम, उमाकान्त, श्यामू, धीरज, दिनेश, सर्वजीत,
अवधेश कुमार आदि लोगों ने बहनों से राखी बांधवाकर रक्षा का वचन दिया और
लोगों को रक्षा बन्धन की बधाई दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रही रक्षाबंधन की रौनक
बाराबंकी। भाई बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबन्धन का त्योहार जनपद
की सभी तहसीलो में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। तहसील सिरौलीगौसपुर में
रक्षाबंधन की धूम रही। सगी व मुंह बोली बहनों ने अपने भाईयों की कलाई में
रक्षा सूत्र बांधकर अपने भाईयों की लम्बी उम्र की कामना की तो वहीं
भाईयों ने अपनी बहनों की जीवन पर्यन्त रक्षा करने का वचन दिया। रक्षा
बन्धन पर क्षेत्र के मरकामऊ, बदोसरायं, कोटवाधाम, टिकैतनगर, दरियाबाद,
सैदनपुर, सहादतगंज, सिद्धौर, कोठी, हैदरगढ, बंगला बाजार जैसे विभिन्न
कस्बों मे रंग बिरंगी राखियों व तरह-तरह के मिष्ठान खरीदने वाले भाई बहनो
की काफी भीड देखी गयी। मुस्लिम सामुदाय के लोगों ने भी अपनी कलाईयों मे
राखियां बंधाकर अपनी सहभागिता निभाई। वहीं कोटवाधाम, टिकैतनगर, सहादतगंज
आदि गांवों मे मेले का आयोजन किया गया।

Related

UP 6558324316169966609

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item