केराकत में वही हुआ जिसका शायद प्रशासन को इंतजार था?
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_207.html
जौनपुर। केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के मेंहदीतला मोहल्ले में शुक्रवार को वही हुआ जिसका शायद इंतजार प्रशासन को भी रहा होगा। इसको लेकर पीड़ित के अनुसार क्षेत्रीय लोगांे द्वारा केवल तहसील प्रशासन को कोसा जा रहा है। मालूम हो कि उक्त मोहल्ले के बीच रास्ते में एक विशालकाय इमली का पेड़ है जिसकी डाली अगल-बगल के घरों पर पूरी तरह अपना कब्जा जमाया हुआ है। पेड़ को काटने के लिये कई बार लिखित व मौखिक रूप से क्षेत्रीय लोगों द्वारा तहसील प्रशासन से शिकायत की गयी लेकिन उनकी बात को अनसुनी कर दी जाती रही। शायद प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार था जो हुआ लेकिन भगवान ने किसी को हताहत नहीं होने दिया लेकिन अगल-बगल के दो घर पूरी तरह से जमींदोज हो गये जिससे लाखों रूपये का नुकसान बताया जा रहा है। बता दें कि पीड़ित सरस गुप्ता व संजय गुप्ता हैं जिनके मकान आज उक्त विशालकाय पेड़ से गिरने से पूरी तरह से जमींदोज हो गये। इस हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन उक्त आशियानों में रखा सारा सामान नष्ट हो गया। आज सुबह हल्की बारिश के बीच तेज चली हवा के चलते इमली का वह विशाल पेड़ बगल स्थित मकानों पर गिर गया। पेड़ गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गयी जहां देखते ही देखते काफी भीड़ हो गयी। सभी केवल मकान के अंदर कोई है कि नहीं, की बात कह रहे थे लेकिन जब पता चला कि कोई नहीं है तो सभी ने राहत की सांस ली। क्षेत्रीय लोगों में इस बात का आक्रोश देखा गया कि शिकायत के बावजूद भी पेड़ नहीं कटवाया गया जिससे आज यह हादसा हो गया। शायद प्रशासन को किसी बड़ी घटना का इंतजार था।

