गांव में तनाव, थाना कोठी के ग्राम नक्टा सेहरिया का मामला
https://husainijnp.blogspot.com/2016/08/blog-post_246.html
बाराबंकी। थाना कोठी अन्तर्गत बिना शासन की अनुमति लिये चोरी छुपे ग्राम
समाज की जमीन पर धार्मिक स्थल का निर्माण करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने
रात को ग्राम प्रधान पुष्पा देवी की अगुवाई में धाबा बोलकर धार्मिक स्थल
का नवनिर्मित निर्माण कार्य गिरा दिया। जिससे एक पक्ष के लोगों में
आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया
है। जबकि सीओ हैदरगढ़ ने घटना की जानकारी से इंकार किया है। जानकारी के
अनुसार, थाना कोठी क्षेत्र के ग्राम नक्टा सेहरिया की प्रधान पुष्पा
देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा देवी, कमालापुर के प्रधान प्रेमचंद सहित
करीब एक सैकड़ा ग्रामीणों ने चार दिन पूर्व थाना कोठी में शिकायती पत्र
दिया था कि नक्टा सहेरिया गांव के मो. अली अपने कुछ साथियों के साथ चोरी
छिपे ग्राम समाज की जमीन पर धार्मिक स्थल का निर्माण कार्य करवा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद भी कोठी पुलिस निष्क्रिय रही। बीती रात जब
ग्रामवासियों ने देखा कि निर्माण कार्य नही रुकेगा तो उसके बाद सैकड़ो की
संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने समूचा धार्मिक स्थल गिरा दिया और नीचे
उठाकर नाले मंे फेंक दिया। जब इस घटना की सूचना कोठी पुलिस को हुई तो
मौके पर पहुंचे कोठी प्रभारी ने दोनो पक्षों को समझाकर मामले को शांत
किया और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं इस
सम्बन्ध में जब क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ से जानकारी की गयी तो उन्होने इस
तरह की किसी भी बात से इंकार ही कर दिया। जबकि ग्रामवासियों का कहना है
कि उनके गांव में जब कभी कोई धार्मिक स्थल था ही नही तो नया धार्मिक स्थल
किसकी अनुमति से मो. अली बनवा रहे हैं। कुल मिलाकर अगर जिला प्रशासन ने
इस घटना को गंभीरता से नही लिया तो कोई अनहोनी घटना घट सकती है।

