जौनपुर के दो होनहारों ने जीवनरक्षक उपकरण का किया आविष्कार
https://husainijnp.blogspot.com/2016/09/blog-post_241.html
जौनपुर। जिले के दो होनहारों ने ऐसा उपकरण तैयार किया है जो सेहत का ख्याल रखने के साथ ही बीमारी होने से पहले सावधान भी करेगा। ये दोनों होनहारों ने आईआईटी खड्गपुर से पढ़ाई करते हुये इस जीवनरक्षक उपकरण को तैयार किया है। बदलापुर तहसील के ढेमा निवासी अनिरूद्ध तिवारी के पुत्र लक्ष्मी कांत तिवारी व शाहगंज तहसील के पूराडला निवासी कल्याण दत्त गुप्ता के पुत्र सत्यपाल गुप्ता खड्गपुर आईआईटी में पढ़ाई कर रहे हैं। जिले के दोनों होनहारों ने रिसर्च किया है। दोनों ने दूरभाष से हुई वार्ता में बताया कि भाग दौड़ भरी जिंदगी में अक्सर हम अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं रख पाते हैं जिससे कई तरह की बीमारियां हो जाती हैं और बीमारी का पता चलने तक काफी देर हो चुकी होती है जिसमें ज्यादातर बीमारियां कम नींद लेने या ठीक ढंग से नहीं सो पाने से होती है। विश्व स्तर पर रिसर्च करने से पता चलता है कि करीब 34 फीसदी लोग सोने से सम्बन्धित बीमारी से ग्रस्त है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के हिसाब से 17.4 फीसदी मौतें सिर्फ स्वांस की बीमारी से होती हैं और 40 प्रतिशत भारत के लोग 2020 तक हृदय से सम्बन्धित बीमारियों से ग्रस्त हो जायेंगे। अगर इस तरह की गम्भीर बीमारियों के बारे में समय रहते पता चल जाता है तो अकारण मौत के मुंह में जाने से लोगों को बचाया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुये एक ऐसे उपकरण का आविष्कार किया गया है जो सोते समय आपके स्वास्थ्य की पूरी निगरानी करेगा और हर बीमारी की आहट को आपके मोबाइल के जरिये आप तक पहुंचायेगा। लक्ष्मी कांत तिवारी ने बताया कि खुशहाल लोग जीवन को बड़ी आसानी से जीते हैं और बीमारियों के प्रभाव से दूर रहते हैं। हम सभी अपने जीवन का एक तिहाई भाग सिर्फ सोने में बिताते हैं और जिन लोगों को रात में ठीक से नींद नहीं आती है, वे लोग पूरे दिन थकावट महसूस करते हैं और कई बार वर्क प्लेस पर ही सो जाते हैं। ऐसे लोग चिड़चिड़े भी हो जाते हैं और समाज में उनका व्यवहार भी सही नहीं रहता। असल में ऐसे लोग किसी न किसी प्रकार की सोने से सम्बन्धित बीमारी से ग्रस्त रहते हैं और उनमें से बहुत सारे लोगों को पता भी नहीं होता है। प्रो. औरोबिन्दा रौटरे के दिशा निर्देशन में काम कर रहे छात्रों ने 3 प्रकार की स्लीप मॉनिटरिंग डिवाइसेज इजाद किया है। उनकी पहली डिवाइस बेडशीट की तरह है जिसको उपयोगकर्ता को अपने बेडशीट के नीचे सोने से पहले बिछाना होगा। इस डिवाइस में एक विशेष प्रकार का सेंसर है जो उपयोगकर्ता के हृदय की धड़कन और स्वांस की गति को नापता है। अगर उपयोगकर्ता को स्वांस या हृदय से जुड़ी कोई भी बीमारी है तो यह विशेष प्रकार का सेंसर उसे पकड़ लेता है और बीमारी से जुड़ी जानकारी उपयोगकर्ता के मोबाइल पर भेज देता है। इसके अलावा इसमें और भी तमाम प्रकार के सेंसर्स लगे हैं जो आपके बेडरूम की हवा की गुणवत्ता, तापमान व ह्यूमिडिटी को भी नापता है। वहीं दूसरी प्रकार की डिवाइस भी उपयोगकर्ता को स्वांस या हृदय से जुड़ी बीमारी से अवगत कराता है परंतु हृदय की धड़कन व स्वांस की गति को नापने का तरीका पूरी तरह से अलग है। दूसरे प्रकार की डिवाइस को उपयोगकर्ता को बेडरूम में कहीं एक जगह दीवार पर लगाना होगा। यह डिवाइस पूरी तरह से वायरलेस टेक्नोलॉजी पर आधारित है जबकि तीसरे प्रकार की डिवाइस थर्मल इमेजिंग के सिद्धांत पर काम करती है। ये डिवाइस उपयोगकर्ता के शरीर के तापमान को नापती है और उसी के आधार पर उपयोगकर्ता के स्टेट ऑफ स्लीप को पता कर लेती है।

