अखिलेश समर्थक शिवपाल के साथ काम न करने पर अडे़
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के बीच सुलह की कोशिशें सफल होती नहीं दिख रही हैं। भले ही समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को सुलह के 'फॉर्मूले' देने के बाद पार्टी के भीतर सियासी घमासान शांत होने की बात कही हो, लेकिन शनिवार को उनके समर्थक आमने-सामने आ गए।
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर शनिवार सुबह एक ओर 'अखिलेश भइया जिंदाबाद' के नारे लगे, तो दूसरी ओर शिवपाल के समर्थकों ने भी नारेबाजी की।
अखिलेश के समर्थकों ने शिवपाल के साथ काम करने से इनकार कर दिया है। सपा के चारों युवा संगठनों ने यह संदेश मुलायम तक भेजा है। यह फैसला सपा के फ्रंटल अध्यक्षों ने लिया है। युवजन सभा, लोहिया वाहिनी, मुलायम ब्रिगेड और छात्रसभा के नेता अखिलेश के समर्थन में खडे़ हो गए हैं।
