विस निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्यक्रम जारीः डीएम
https://husainijnp.blogspot.com/2016/09/blog-post_557.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण के सम्बन्ध में पत्रकारों के साथ हुई बैठक में उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2017 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों की तैयारी हेतु आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 15 सितम्बर, दावा/आपत्ति दाखिल करने की अवधि 15 से 31 सितम्बर, मतदाता सूची को ग्रामसभा स्थानीय 20 सितम्बर व 30 सितम्बर, निकाय मंे बैठक कर पढ़ा जाना 19 अक्टूबर व 16 नवम्बर, विशेष अभियान की तिथियां 18 सितम्बर, 25 सितम्बर, 9 अक्टूबर व 23 अक्टूबर, प्राप्त दावे व आपित्तयों का निस्तारण 5 दिसम्बर, अंतिम प्रकाशन 2 जनवरी 2017 है। उन्होंने बताया कि प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति समस्त अनुभागों हेतु कर ली गयी है। नियुक्त प्रभारी अधिकारियों द्वारा अपने सहायक प्रभारी अधिकारियों के मध्य कार्यों का विभाजन करते हुये अधीनस्थ विभागीय कर्मचारियों की तैनाती कर ली गयी है। सेक्टर आफिसरों की नियुक्ति आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान कर ली गयी है जो सम्बन्धित बूथों के बूथ लेबिल अधिकारियों के कार्यों का समीक्षा करेंगे। सत्यापन के दौरान आयोग के आदेश पर मतदेय स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं यथा रैम्प, पेयजल, शौचालय, पहुंच मार्ग, विद्युत व्यवस्था आदि की जांच कराकर रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है जिसके आधार पर मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जायेंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी ने बताया कि निर्वाचक नामवलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 4 विशेष अभियान तिथि आयोग द्वारा घोषित है जो 18 सितम्बर, 25 सितम्बर, 9 अक्टूबर व 23 अक्टूबर है। जनपद में कुल 3445 बूथ लेबिल अधिकारी, 2151 पदाभिहित अधिकारी के अतिरिक्त 330 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गयी है। उपरोक्त कार्य के पर्यवेक्षण हेतु जनपद स्तरीय 164 अधिकारियों को सेक्टर आफिसर के रूप में तैनात किया गया है जिन्हें 29 अगस्त को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 के प्रयोगार्थ इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों का प्रशिक्षण इंजीनियर द्वारा 19 सितम्बर से होगी।

