
जौनपुर। भारत की प्राचीनतम विद्या योग को वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाते हुये पूरी दुनिया में योग शिक्षकों को भेजने के उद्देश्य से आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में क्यू. सी. आई. (क्वालिटी काउंसिल आफ इण्डिया) द्वारा योग शिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से पतंजलि योग समिति द्वारा दिव्य योग साधना केन्द्र शान्ति भवन अम्बेडकर तिराहे पर सुबह 5 से 8 बजे तक 15 दिवसीय विशेष योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ हो गया। शिविर में क्यूसीआई द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रमों के अनुसार क्रियात्मक व सैद्धांतिक पक्षों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सैद्धांतिक पक्षों के अन्तर्गत योग की प्रचलित पद्धतियां व उसका सिद्धांत, आहार विज्ञान, शरीर संरचना, विषमूक्त जैविक खेती सहित विभिन्न प्रकार के योग सूत्रों को बताया जा रहा है। इसी तरह क्रियात्मक पक्षों में रोगानुसार विविध प्रकार के आसनों, व्यायामों, एक्यूप्रेशर, ध्यान, योगनिद्रा, पंचकर्म, षष्टकर्म सहित प्राणायामों का मनःस्थिति पर पड़ रहे सकारात्मक परिणामों को बताया जा रहा है। इस अवसर पर एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डा. डीपी सिंह, केपी बोस, सन्तोष योगी, जगदीश योगी, दीपक योगी, मनोज योगी, प्रेमचन्द्र योगी के अलावा तमाम सम्बन्धित उपस्थित रहे।