यादव परिवार का झगडा नाजुक दाैर में, अब तो मुलायम को भी मिल रही चुनौती
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/blog-post_216.html
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) परिवार का झगडा अब नाजुक दौर में पहुंच गया है।हालात इस कदर खराब हो गये हैं कि अब सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को भी पार्टी के भीतर चुनौती मिलने लगी है। मुलायम और अखिलेश समर्थक एक -दूसरे को चुनौती देते हुए खत-ओ-किताबत का दौर शुरु हो गया है। पिता-पुत्र के समर्थक अपने-अपने नेता की निगाह में अव्वल बने रहने के लिए पत्र लिखकर उसे लीक भी करवा रहे हैं। कल एक एमएलसी उदयवीर सिंह ने मुलायम को खत लिखा था उनके खत का जवाब विधान परिषद के एक अन्य सदस्य आशु मलिक ने दिया है। श्री मलिक ने उदयवीर सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि वह मुलायम सिंह यादव को चुनौती या इस तरह की सलाह देने की हैसियत में नहीं हैं। मुलायम सिंह यादव सपा के संस्थापक हैं। समाज के लिए उनकी सेवा को पत्र के चन्द लफ्जों में नहीं तौला जा सकता। श्री मलिक को मुलायम सिंह यादव के खेमे का माना जा रहा है।
उदयवीर सिंह ने अपने पत्र में काफी तल्ख टिप्पणियां की हैं। उनके अनुसार अखिलेश यादव से “सौतेला” व्यवहार तक किया जाता है। उनका दावा है कि पार्टी के भविष्य के लिए अखिलेश यादव को अध्यक्ष बनाया जाना जरुरी है। उधर, पार्टी में सब कुछ ठीक रखने के लिए प्रवक्ता दीपक मिश्र ने चिट्ठी जारी कर मुख्यमंत्री की तीन नवम्बर से शुरु हो रही समाजवादी विकास यात्रा और पांच नवम्बर को यहां जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित सपा के रजत जयन्ती समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

