जौनपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त राजस्व) उमाकान्त त्रिपाठी ने बताया कि शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे जन सामान्य तक पहुंचाने व अधिक से अधिक शासकीय जी 2 सी और व्यवसायिक बी 2 सी सेवाओं को नागरिकों तक सरलता एवं सुगमता से पहुंचाने हेतु शासन द्वारा प्रदेश के पात्र व्यक्तियों को समाजवादी स्मार्ट फोन योजना के अन्तर्गत निःशुल्क स्मार्ट फोन दिये जाने का निर्णय लिया गया है। निःशुल्क स्मार्ट फोन प्रदान किये जाने हेतु इच्छुक व्यक्तियों को निर्धारित मानक को पूरा करना एवं बीते 10 अक्टूबर से एक माह के अन्दर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन की सुविधा जनपद में स्थापित सहज जन सेवा व लोकवाणी केन्द्रों पर उपलब्ध है। इच्छुक/पात्र व्यक्ति निकटतम सहज जन सेवा व लोकवाणी केन्द्रों पर पंजीयन करा सकते हैं। इसके पात्रता हेतु आवेदक/लाभार्थी उत्तर प्रदेश का नागरिक हो, 1 जनवरी 2017 को उसकी आयु 18 वर्ष या अधिक हो, आवेदक हाईस्कूल अथवा समकक्ष उत्तीर्ण हो, आवेदक अथवा उसके अभिभावक श्रेणी 1 अथवा श्रेणी 2 के शासकीय अधिकारी न हो, पारिवारिक वार्षिक आय 6 लाख रूपये से कम होना चाहिये।