कन्या पूजन के साथ लोगों ने किया व्रत का तारण
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/blog-post_40.html
जौनपुर। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन सोमवार को हवन-पूजन के साथ नौ कन्याओं का पूजन किया गया जिसके चलते जगह-जगह कन्या पूजन एवं हवन कार्यक्रम हुआ। इस दौरान जहां वैदिक मंत्रोच्चार के चलते पूरा वातावरण गूंज उठा, वहीं जगह-जगह व्रती महिलाओं ने कन्या पूजन करके सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य भी किया। मालूम हो कि सोमवार को नवरात्रि का अंतिम दिन रहा जिसके चलते मां दुर्गा की प्रतिमा के लिये बने पण्डाल सहित घरों में स्थापित कलश के समक्ष हवन-पूजन हुआ। इसके साथ ही नवरात्र भर व्रत रहने वालों ने 9 कन्या एवं भैरव बाबा के रूप में मौजूद छोटे बच्चों की विधिवत् पूजा-पाठ करके दान स्वरूप उन्हें उपहार दिया। इसी से लोगों के व्रत का तारण हुआ जिसके बाद अन्न ग्रहण किया। यही स्थिति जगह-जगह देखने को मिली।
शाहगंज संवाददाता के अनुसार नगर में नवमी के दिन नवनिर्मित मन्दिरों में जय माता दी का जयकारा लगा जहां शंख, घण्टे-घड़ियालों की आवाजों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्राचीन काली चौरा मंदिर शान्ति नगर, भादी, काली चौरा मंदिर पक्का पोखरा, रामजानकी मंदिर बौलिया सहित सभी मंदिरों में भक्तों की भीड़ दिन भर लगी रही। ऐतिहासिक काली चौरा मंदिर में कन्या पूजन भी विधि-विधान से हुई। यह कार्यक्रम मन्दिर के पुजारी डा. जयराम माली व सुशीला देवी के अलावा अन्य लोगों ने सम्पन्न कराया है।

