केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण, मिली तमाम खामियां
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/blog-post_405.html
जौनपुर। मण्डल परियोजना प्रबन्धक वाराणसी मण्डल बृजेश सिंह ने शुक्रवार को केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया जहां सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जतायी। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल परिसर के शौचालय की बदहाल स्थिति को देखते हुये चेतावनी दी कि अविलम्ब सुधार किया जाय। साथ ही दवा की उपलब्धता की जानकारी लेते हुये उन्होंने केन्द्र से सम्बद्ध सभी उपकेन्द्रों पर चिकित्सक व कर्मचारियों की समय से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु जांच कर कार्यवाही करने के लिये चिकित्सा अधीक्षक केराकत को निर्देशित किया। इस दौरान पत्रकारों सहित कुछ जनप्रतिनिधियों ने उनसे केन्द्र पर बाल रोग विशेषज्ञ सहित लैब टेक्नीशियन की लम्बे समय से रिक्त चल रहे पद से हो रही परेशानी की तरफ ध्यान दिलाया तो उन्होंने शीघ्र ही समस्या का समाधान होने की बात कही। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डा. विजयपत द्विवेदी के अलावा तमाम सम्बन्धित लोग मौजूद रहे।

