जौनपुर। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा माह नवम्बर को यातायात माह के रूप में मनाने हेतु दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद में पूरे माह की कार्यवृत्त बनाकर जागरूकता रैली निकाली गयी जिसका शुभारम्भ आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस मौके पर जहां उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिये मीडिया व समाजसेवियों से अपील किया, वहीं क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात अमित राय ने पुलिस व होमगार्ड के जवानों से कहा कि आप स्वयं यातायात के नियमों का पालन करते हुये जनता तक यह बात पहुंचायें कि यातायात नियमों का पालन करना मजबूरी न समझकर एक जरूरी कार्य समझें। पुलिस लाइन से निकली जागरूकता रैली पूरे नगर का भ्रमण करते हुये पुनः वापस आकर समाप्त हो गयी। इस अवसर पर अपर आरक्षी अधीक्षक नगर कमलेश दीक्षित, ग्रामीण अरूण श्रीवास्तव, प्रतिसार निरीक्षक कृपाशंकर कन्नौजिया, उपनिरीक्षक यातायात घनश्याम यादव, अशोक सिंह के अलावा तमाम सम्बन्धित लोगों की उपस्थिति रही।