मुस्लिम कैदी भी रख रहे हैं छठ व्रत
https://husainijnp.blogspot.com/2016/11/blog-post_65.html

पटना के आदर्श केन्द्रीय कारागार बेउर में 25 महिलाओं सहित 40 कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। जेल अधीक्षक रूपक कुमार ने बताया कि व्रती कैदियों के लिए जेल प्रशासन ने सारी व्यवस्था कराई हैं। अघ्र्य देने के लिए जेल में ही अस्थाई जलकुंड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बेउर जेल में प्रत्येक वर्ष कैदियों द्वारा छठ व्रत रखा जाता है और इसे लेकर जेल प्रशासन कैदियों को जरूरत का हर सामान उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि महापर्व को लेकर कैदियों ने आपसी सहयोग से गुरुवार को ही पूरे जेल परिसर की सफाई कर दी थी।
भागलपुर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार शहीद जुम्बा साहनी केन्द्रीय जेल में 19 पुरुष कैदी छठ व्रत कर रहे हैं। कारा अधीक्षक नीरज कुमार झा ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से व्रत करने के लिए उन्हें विशेष सुविधा मुहैया कराई गई हैं। नहाय-खाय के दिन जेल प्रशासन की ओर से कद्दू, चना दाल और बासमती चावल की व्यवस्था कराई गई है। कैदियों ने लकड़ी जलाकर नहाय-खाय का प्रसाद बनाया। पूजा के बाद सारे कैदियों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं व्रत के दूसरे दिन यानि खरना के लिए दूध, गुड़ और चावल की व्यवस्था की जा रही है। झा ने बताया कि महिला वार्ड में 65 महिलाएं छठ कर रही है जिसमें चार मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि व्रत रखने वाली महिला कैदियों को जेल प्रशासन की ओर से नए वस्त्र और पूजन सामग्री दी गई है। जेल प्रशासन की ओर से नारियल, केला, सेब समेत अन्य फलों की भी व्यवस्था की जा रही है जिससे व्रत करने वाले कैदी अघ्र्य देंगे। भागलपुर विशेष कैंप जेल के अधीक्षक आर के चौधरी ने बताया कि उनके जेल के 23 कैदी भी छठ कर रहे हैं।
