आम आदमी को तकलीफ नहीं होने देगी सरकार, बाकी की निकलेगी बाल की खाल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/11/blog-post_75.html

25 लाख से अधिक जमा करने पर सरकार खींचेगी बाल की खाल
इसके साथ ही 25 लाख रुपए से अधिक की राशि जमा कराए जाने पर सरकार उसकी ‘बाल की खाल’ निकाल लेगी। उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि सरकार द्वारा 500 एवं 1000 हजार के नोटों को प्रतिबंधित करने का उद्देश्य दरअसल सिस्टम से बाहर के धन को सिस्टम में शामिल करना है। बड़े नोटों को बंद करने के साथ दो हजार रुपए के नोट लाने का औचित्य पर उन्होंने कहा कि 500 एवं 1000 रुपए के नोटों वाली कुल करीब 15 लाख 75 हजार करोड़ रुपए की राशि बाहर थी जिसमें से छह लाख करोड़ रुपए की राशि का कुछ अता-पता नहीं था। सरकार के इस कदम से वे छह लाख करोड़ रुपये सिस्टम में आ जाएंगे।
‘छह लाख करोड़ का होगा काला धन’
उन्होंने कहा कि इन छह लाख करोड़ रुपए में से काफी हिस्सा काला धन होगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आतंकवादियों, नक्सलियों और नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले जाली नोटों के कारोबार में लिप्त हैं। सरकार के इस कदम से जाली नोटों का यह नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। सूत्रों ने बताया कि सरकार ने इस बात का पूरा ध्यान रखा है कि आम आदमी और ईमानदार कर प्रदाता को कतई तंग नहीं किया जाए।
बैंककर्मी के परेशान करने पर होगी कार्रवाई
ढाई लाख रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से जमा कराए जाने पर किसी से कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। अगर कहीं कोई बैंक कर्मी किसी को परेशान करेगा तो उसकी शिकायत के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की गई है। उस बैंककर्मी या अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार 25 लाख रुपए से अधिक की राशि बैंक में जमा कराने पर उसकी बाल की खाल निकाली जायेगी और अगर उसे गैरकानूनी पाया गया तो राशि जब्त करने के साथ जुर्माना सहित समुचित कार्रवाई भी की जाएगी।
विकास स्केल में बदलाव के कारण बड़ा कदम
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकार देश के विकास का स्केल बदलना चाहती है। पिछले कई वर्षों में विकास कार्यों का बजट नहीं बढ़ पाया। इस कदम से सिस्टम में आने वाले छह लाख करोड़ रुपये आम आदमी के ही काम आएंगे। बिजली, पेयजल, ढांचागत सुविधाओं, सड़क, रेल, हवाई अड्डों का विकास होगा। उन्होंने कहा कि इस धन से सेना को आधुनिकतम बनाया जायेगा। अंतरिक्ष कार्यक्रम में धन दिया जाएगा।
देश के विभिन्न कार्यों में इन्वेस्ट होगा काला धन
इसके अलावा वैज्ञानिक एवं अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षण सुविधाएं बनाईं जाएंगी। बैंकों में लंबी कतारे लगने एवं लोगों के परेशान होने के बारे में चर्चा करने पर सूत्रों ने कहा कि नागरिकों को सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी के अभाव में कुछ दिनों तक थोड़ी दिक्कत हो सकती है। लेकिन जैस-जैसे लोगों को पता चलेगा तो उन्हें दिक्कत नहीं होगी। शादी-विवाह के लिए लोगों को होने वाली दिक्कत के लिए उन्होंने कहा कि लोगों को चेक से भुगतान करना चाहिए।
