
जौनपुर। अखिल भारतीय यादव महासंघ किसी भी राजनैतिक दल का पिछलग्गू नहीं है। महासंघ समाज में व्याप्त अंधविश्वास व कुरीतियों को दूर कर राष्ट्रीय एकता व अखण्डता कायम करने का एक सशक्त मंच है। उक्त विचार अखिल भारतीय युवा यादव महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. ब्रजेश यदुवंशी ने कलेक्ट्रेट तिराहे पर स्थित जिला कार्यालय पर युवा जिला शाखा द्वारा आयोजित वैचारिक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महासंघ उसी प्रत्याशी का साथ देगा जो क्षेत्र के विकास हेतु कृत संकल्पित होगा। साथ ही महासंघ की टोली क्षेत्रवार सम्पर्क करके सुयोग्य प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील भी करेगा। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुये अखिल भारतीय यादव महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजीत यादव ने कहा कि यादव समाज को एकजुट होने की जरूरत है। जल्द ही महासंघ राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में सम्मेलन करेगा। उन्होंने महासंघ के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि इसके लिये अभी से तैयारी में जुट जायं। कार्यक्रम आयोजक युवा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव (सभासद) ने महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजीत यादव व युवा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. ब्रजेश यदुवंशी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही गोष्ठी में आये स्वतातीय बंधुओं के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर रघुनाथ यादव, रामकेश यादव, ओंकार सिंह यादव, रामधनी यादव एडवोकेट, राम प्रकाश यादव, राज बहादुर यादव, राजेश यादव, यादव विजय, विजय शंकर यादव, वेद प्रकाश यादव, दिनेश यादव के अलावा तमाम स्वतीय बंधु उपस्थित रहे। गोष्ठी का संचालन कपिलराज यदुवंशी ने किया।