मथुरा में जेल से सड़क तक खुनी गैंगवार
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_217.html
मथुरा। मथुरा की जिला जेल में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद एक घायल कैदी को अस्पताल ले जाते वक्त बदमाशों ने दोबारा उस पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी। घायल बदमाश राजेश टौंटा को इलाज के लिए आगरा ले जाया जा रहा था, बीच रास्ते में दिल्ली-आगरा हाईवे पर बदमाशों ने एंबुलेंस को रोक लिया और दावा किया वो राजेश टौंटा के रिश्तेदार हैं।
इसके बाद बदमाशों ने एंबुलेंस को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, और राजेश को मौत के घाट उतार दिया। एंबुलेंस में हुई फायरिंग में एक डॉक्टर और एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है। इससे पहले मथुरा की जिला जेल में अपराधियों के दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस घटना में अक्षय सोलंगी नाम के एक कुख्याल बदमाश की मौत हो गई।
फायरिंग पश्चिम यूपी के शार्प शूटर ब्रजेश मावी की हत्या के आरोपी राजेश शर्मा उर्फ टौंटा और उसके साथी राजकुमार शर्मा को निशाना बनाकर किया गया था। मथुरा जेल की बैरक नं 6 में ताबड़तोड़ फायरिंग में टोंटा और राजकुमार शर्मा जख्मी हो गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से टौंटा को आगरा रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते में एकदम फिल्मी स्टाइल में एंबुलेंस पर फायरिंग कर उसकी भी हत्या कर दी गई।
जेल में खुलेआम गैंगवार से पुलिस और प्रशासन में हड़कम्प मच गया वहीं जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद जेल में चलाए गए सर्च अभियान में पिस्टल और नशीला पदार्थ भी बरामद हुआ है। जेल में फायरिंग के बाद मथुरा अस्पताल पहुंची टौंटा की पत्नी ने बताया कि उसने प्रशासन से राजेश टौंटा की सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई। मथुरा में पिछले चौबीस घंटे के दौरान जेल से लेकर सड़क तक पर खुलेआम हुई गैंगवार ने यूपी की कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
गौरतलब है कि सरकार ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को निलंबित कर दिया है। जेल के सुपरिटेंडेंट के बाद एसओ सुरेंद्र सिंह और 10 अन्य पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
.jpg)
