अमृतसर में स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_383.html
अमृतसर। देश के कई शहरों में स्वाइन फ्लू लगातार पैर पसार रहा है। पंजाब के अमृतसर में स्वाइन फ्लू से 50 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अमृतसर में स्वाइन फ्लू से ये दूसरी मौत है। महिला की मौत के बाद परिवार ने अस्पताल पर आरोप लगाया है कि सरकारी अस्पताल में स्वाइन फ्लू का पता लगाने और इलाज के लिए जरूरी इंतजाम नहीं हैं।
परिवार का कहना है कि एक हफ्ते पहले महिला को बुखार हुआ। इसके बाद जांच में पहले टायफाइड की बात सामने आई। डॉक्टरों ने पहले तो महिला पर टायफाइड की दवा चला दी। दवा चलने के बावजूद महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने आनन-फानन में महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। परिवार का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद भी जांच में लापरवाही बरती गई।
अस्पताल में मौजूद अव्यवस्था पर सवाल उठाने के बाद डॉक्टरों ने कहा कि महिला के सैंपल ठीक से नहीं लिए गए। जिसके चलते टेस्ट नहीं किए जा सकते। परिवार का आरोप है कि जांच में देरी के चलते तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने परिवारवालों को ये बताया कि महिला को स्वाइन फ्लू था। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं अस्पताल प्रशासन परिवार वालों के आरोप से इनकार कर रहा है।
गुजरात
गुजरात में स्वाइन फ्लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। स्वाइन फ्लू ने जनवरी महीने में अबतक 22 लोगों की जान ले ली है। सरकार के मुताबिक पूरे राज्य में अबतक स्वाइन फ्लू के 170 मामले सामने आ चुके हैं। गुजरात के कच्छ जिले पर स्वाइन फ्लू की सबसे ज्यादा मार पड़ी है। अबतक सिर्फ कच्छ से 81 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि स्वाइन फ्लू के वायरस के चलते 5 लोगों की मौत भी हो चुकी है। जामनगर जिले में स्वाइन फ्लू के 12 मामले सामने आए हैं। यहां अबतक 5 मरीजों की मौत हो चुकी है। कच्छ और जामनगर के अलावा अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत में भी स्वाइन फ्लू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं।

