राजधानी एक्सप्रेस में महिला से छेडख़ानी, विदेशी गिरफ्तार
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_48.html
लखनऊ। नई दिल्ली से हावड़ा जा रही राजधानी एक्सप्रेस में महिला के साथ छेडख़ानी करना अफगानिस्तान से आए युवक को महंगा पड़ा। चंदौली में जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला और अफगानी युवक दिल्ली से हावड़ा जा रहे थे।
नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस 12302 डाउन टे्रन के कोच संख्या ए-2 में एक महिला यात्रा कर रही थी। उसी कोच में काबुल (अफगानिस्तान) निवासी इज्जत खां व अब्दुल बाकी भी यात्रा कर रहे थे। महिला का आरोप था ट्रेन जब रात में इलाहाबाद जंक्शन से चली तो वह बाथरूम से निकल रही थी। उसी दौरान अफगानी युवकों में से एक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने शिकायत सुपरिंटेंडेंट दिवाकर सिंह से की। कल देर रात दो बजकर आठ मिनट पर राजधानी मुगलसराय जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। टे्रन के रुकते ही जीआरपी, आरपीएफ व बीआइसी टीसी विनय सिंह उक्त डिब्बे के पास पहुंचे जिसमें महिला व दोनों अफगानी युवक यात्रा कर रहे थे। महिला की तहरीर पर जीआरपी ने छेड़छाड़ करने वाले अफगानी यात्री इज्जत खां को गिरफ्तार कर लिया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि अफगानी युवक तीन माह के पर्यटक वीजा पर भारत आया है। वह दिल्ली से कोलकाता अपने मित्र के यहां जा रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।
