aajtaktimes

ओबामा के कुत्ते: जितने खूंखार, उतने ही होशियार!

नई दिल्ली। अमेरिका की सीक्रेट सर्विस गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आ रहे अपने राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरत रही, इसीलिए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के साथ वो खास अफसर भी आया है, जिसने ओसामा बिन लादेन को तलाशने और मार गिराने में अहम किरदार निभाया था।
खबरों के मुताबिक इस अफसर के साथ उसके 7 साथी गुरुवार को भारत आ चुके हैं, और उन्हें फिलहाल मौर्या शेरेटन में सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है, जहां पर बराक ओबामा और अमेरिकी दल ठहरेगा। अगर, आप सोच रहे हैं कि वो अफसर यूएस नेवी के एलीट सील कमांडो है, तो आपको बता दें कि अमेरिका के खास कमांडो दस्ते के ये अफसर इंसान न होकर बेल्जियन मैलिनॉयस नस्ल के बेहद खतरनाक और फुर्तीले कुत्ते हैं। गुरुवार को अमेरिका की सीक्रेट सर्विस में तैनात 7 खूंखार और जांबाज डॉग अफसर भारत आ चुके हैं।
अमेरिका में खास तौर पर तैयार किए गए डॉग अफसरों की टीम को K-9 यूनिट कहा जाता है और इस यूनिट का हर सदस्य अपने आप में किसी कमांडो की तरह व्यवहार करता है। K-9 यूनिट के डॉग अफसरों को कड़ी ट्रेनिंग के बाद इस तरह तैयार कर दिया जाता है कि ये हर तरह के विस्फोटक को ढूंढ निकालते हैं।
के-9 दस्ता ओबामा के सुरक्षा घेरे का खास हिस्सा है। के-9 के विशेष प्रशिक्षित बेल्जियन मैलिनॉयस डॉग ओबामा के आसपास के 100 मीटर के दायरे को किसी भी तरह के खतरे से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि के-9 दस्ते का एक दल भारत आ चुका है, लेकिन खबरों के मुताबिक इन स्पेशल कमांडो का मुख्य दल 25 जनवरी को ओबामा के साथ ही भारत पहुंचेगा। इन स्पेशल अफसरों में दो सबसे बेहतरीन बेल्जियन मैलिनॉयस भी हैं, जिन्हें ओबामा निजी तौर पर बेहद पसंद करते हैं। इनके नाम हैं हरिकेन और जॉर्डन। जॉर्डन और हरिकेन के अलावा ओबामा के सुरक्षा में शामिल हैं रॉक और फ्रेडरिक।
हाल ही में जब एक शख्स वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस में घुस आया था तो 'जॉर्डन' और 'हरिकेन' नाम के कुत्तों ने ही उसे धर दबोचा था। ये घटना 27 जुलाई की रात की है। 23 साल का एक घुसपैठिया उस रात व्हाइट हाउस की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसे पता नहीं था कि दो जांबाजों ने उसे बहुत दूर से ही सूंघ लिया है। देखते ही देखते अमेरिकी खुफिया एजेंसी के ये दोनों डॉग अफसर घुसपैठिए पर टूट पड़े।
VVIP सिक्योरिटी से लेकर अफगानिस्तान की जंग तक इन स्पेशल कमांडो की बहादुरी के किस्से सुनाए जाते हैं। 2010 में अफगानिस्तान में ब्रांको नाम के डॉग अफसर ने अपनी हैंडलर की जान बचाने के लिए उसपर एके-47 चला रहे एक तालिबानी लड़ाके पर छलांग लगा दी थी। ब्रांको आतंकी की गोली से जख्मी जरूर हो गया लेकिन उसने अपने साथी फौजी की जान बचा ली थी।
तेज छलांग लगाकर दुश्मन पर हमला कर उसे पल भर में चित्त कर देना, K-9 यूनिट के डॉग अफसरों की जांबाजी का ये सबसे आम अंदाज है। लेकिन इनके भीतर अपने लोगों को बचाने की एक से बढ़कर एक खासियतें मौजूद हैं। दरअसल, K-9 यूनिट के डॉग अफसर सिर्फ विस्फोटकों और नशीली चीजों को ही खोज निकालने में माहिर नहीं होते हैं, बल्कि ये अफसर हमले की कला में भी माहिर होते हैं।
आमतौर पर खोजी कुत्तों का इस्तेमाल छुपे हुए विस्फोटकों को तलाशने में ही किया जाता है, लेकिन K-9 के कमांडो कुत्तों की यूनिट को इस तरह से तैयार किया गया है कि ये सिर्फ खोजी कुत्तों का ही किरदार नहीं निभाते बल्कि हमलावर कुत्तों की भूमिका भी अदा करते हैं। अमेरिका की के-9 ट्रेनिंग एकेडमी में बेल्जियन मैलिनॉयस और जर्मन शेपर्ड नस्ल के कुत्तो को खास हमलावर ट्रेनिंग दी जाती है। सीक्रेट सर्विस की K-9 यूनिट के डॉग कमांडो शिकार की गर्दन के बजाय उसके हाथ पर हमला करते हैं।
हमलावर के हाथ में मौजूद हथियार को नाकाम करना इनकी ट्रेनिंग का खास हिस्सा है। हर डॉग कमांडो के साथ सीक्रेट सर्विस का एक हैंडलर भी तैनात रहता है। हैंडलर और उसका कमांडो एक टीम की तरह काम करते हुए दुश्मन के छक्के छुड़ा देते हैं। किसी भी मिशन में जो भी चुनौतियां सामने आती हैं उससे निपटने के लिए बेल्जियन मैलिनॉयस कुत्ते में खास तरह के कुदरती गुण पाए जाते हैं। दरअसल, इंसान में सूंघने के लिए सिर्फ 50 लाख ट्रांसमीटर होते हैं जबकि इन कुत्तों की नाक में 22 करोड़ 50 लाख ट्रांसमीटर होते हैं। इनके जबड़ों की ताकत हर इंच पर पड़ने वाले दबाव से तय होती है।
इंसानी जबड़े जहां 120 पौंड प्रति वर्ग इंच दबाव डाल पाते हैं, वहीं इन कुत्तों के जबड़े 240 पौंड प्रति वर्ग इंच के दबाव से कुछ भी जकड़ सकते हैं। बेल्जियन मैलिनॉयस की आंखें भी इनकी हमलावर गुण की साथी हैं, जो 272 डिग्री तक आसपास की चीजों पर नजर रख सकती हैं। फुर्ती, सूंघने की शक्ति और इनके ताकतवर जबड़ों से मजबूत से मजबूत इंसान भी नहीं छूट सकता। ऊंची बाधाओं को पार पाकर हमलावर पर छलांग लगा कर उसे चित्त करने में भी ये उस्ताद हो जाते हैं।

Related

World 1927703418743387484

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item