पेरिस: अब आतंकी मॉल में घुसे, महिलाओं को बनाया बंधक
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_76.html
पेरिस। पूर्वी पेरिस में एक बार फिर फायरिंग हुई है। आतंकियों ने एक सुपर मार्केट में घुसकर फायरिंग की है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने 5 महिलाओं और कुछ बच्चों को बंधक बनाया है। अभी ये पता नहीं चल पाया है कि ये 12 लोगों को मारने वाले आतंकी हैं या कोई नए हमलावर।
इससे पहले आज खबर आई कि पेरिस में मीडिया के दफ्तर पर हमले के दो आरोपियों को फ्रांस की पुलिस ने घेर लिया है। घेरेबंदी के दौरान ये दोनों संदिग्ध आतंकी चाल्स द गॉल एयरपोर्ट के नजदीक एक बिल्डिंग के गोदाम में घुस गए। वहां इन आरोपी आतंकियों ने कुछ लोगों को बंधक बना लिया।
सूत्रों का दावा है कि पेरिस पुलिस इन आतंकियों से बातचीत कर रही है। लेकिन इन आतंकियों का कहना था कि वो मरने के लिए तैयार हैं। इस बीच पुलिस ने एहतियातन पेरिस के दो रनवे को बंद करा दिया। इन आतंकियों पर बुधवार को 10 पत्रकारों सहित 12 लोगों की हत्या का आरोप है।
इससे पहले आज लगातार तीसरे दिन भी फायरिंग से पेरिस में दहशत का माहौल रहा। एजेंसियों के मुताबिक पेरिस के उत्तर पूर्व में हाइवे पर एक कार का पीछा करते वक्त फायरिंग हुई जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने जब एक संदिग्ध कार का पीछा करना शुरू किया तो उससे फायरिंग की गई। फ्रांस के मंत्री ने इस बात की पुष्टि की है कि संदिग्धों को पकड़ने के लिए एक ऑपरेशन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक ये माना जा रहा है कि परसों के फायरिंग के संदिग्ध आतंकवादी एक कार से जा रहे थे और जब पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू किया तो उन्होंने पलटकर फायरिंग की।
ये ऑपरेशन शार्ली ऐब्दो पर हुए हमले के बाद किया जा रहा है। फायरिंग करने वालों ने कुछ लोगों को बंधक भी बना लिया है। माना जा रहा है कि ये वही संदिग्ध हैं जिन्होंने शार्ली ऐब्दो मैगजीन के दफ्तर पर हमला कर 12 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। माना जा रहा है कि संदिग्ध आतंकवादियों ने एक शख्स को बंधक बनाया हुआ है।
गौरतलब है कि 2 दिन पहले ही तीन आतंकियों ने शार्ली ऐब्दो पत्रिका के दफ्तर पर हमला कर 12 लोगों की हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हत्यारे फरार हो गए थे। हालांकि इनमें से एक आरोपी ने कल सरेंडर कर दिया, जबकि 2 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस को शक है कि ये यमन के किसी आतंकी संगठन से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने बुधवार को शार्ली एब्दो के दफ्तर में हुए हमलावरों की पहचान कर ली थी। पुलिस के मुताबिक हमलावरों के नाम सईद क्वाचि, शरीफ क्वाचि और हामिद मुराद हैं। हामिद पहले ही सरेंडर कर चुका है।

